शहर में प्रकाश व्यवस्था सुधारने का काम जोरों पर

नगर निगम ने विशेष टीम को सौंपा जिम्मा

गाजियाबाद। शहर के प्रमुख मार्गों के अलावा वार्डों की आंतरिक गलियों में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर करने के लिए प्रकाश विभाग की टीम गठित की गई है। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने प्रकाश विभाग की नवगठित टीम को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। नगर निगम द्वारा शहर में पथ प्रकाश व्यवस्था को सुधारा जा रहा है। इसके मद्देनजर प्रकाश विभाग की विशेष टीम का गठन किया गया है। मेयर आशा शर्मा तथा म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने के लिए वरिष्ठ प्रकाश प्रभारी अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव को इस संबंध में निर्देशित किया है। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने जनता व पार्षदों की शिकायतों के आधार पर प्रकाश विभाग की टीम को बेहतर कार्य करने को कहा है। उन्होंने निर्देशित किया है कि बाहरी मार्गों पर लाइट व्यवस्था ठीक की जाए। समय पर आंतरिक वार्डों में लाइट जलाने तथा बंद करने, लाइटों की मरम्मत कराने, पार्कों में उचित प्रकाश व्यवस्था बनाने तथा डेकोरेटिव पॉल हेतु स्थानों को चयनित किया जाए। प्रकाश विभाग प्रभारी योगेश श्रीवास्तव द्वारा मेयर आशा शर्मा तथा म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर पांचों जोन में वार्डों की आंतरिक गलियों में निरीक्षण कर लाइटों को ठीक कराने तथा उन्हें बदलवाने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इसकेअंतर्गत लोहिया नगर, राजनगर, राजेंद्र नगर, श्याम पार्क एक्सटेंशन, नेहरू नगर, चिरंजीव विहार व अन्य स्थानों पर कार्य कराया जा रहा है। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों तथा क्षेत्रीय पार्षदों द्वारा स्वयं उपस्थित होकर वार्डों में कार्य कराए जा रहे हैं तथा नगर निगम टीम को विशेष सहयोग प्रदान किया जा रहा है। निकट भविष्य में शहर की प्रकाश व्यवस्था में बेहतर सुधार देखने को मिलेगा।