गाजियाबाद। स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ के मद्देनजर लोनी क्षेत्र में गुरुवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत तिरंगा रन का आयोजन किया गया। लोनी क्षेत्र में 17 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें लोनी नगर पालिका परिषद का विशेष सहयोग रहेगा। आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत लोनी इंटर कॉलेज, एनसीसी कैडेट्स एवं स्काउट एवं गाइड द्वारा उप-जिलाधिकारी (एसडीएम) संतोष कुमार राय एवं लोनी नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (ईओ) कृष्ण कुमार भड़ाना के नेतृत्व में तिरंगा रन का आगाज किया गया।
आजादी की 75वीं वर्षगांठ के तहत हर घर तिरंगा कार्यक्रम त्योहार के रूप में मनाया गया। तिरंगा रन में स्कूली बच्चों एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अधिशासी अधिकारी केके भड़ाना ने बताया कि तिरंगा रन लोनी इंटर कॉलेज से शुरू होकर बलराम नगर, लोनी तिराहा, राशिद अली गेट से होकर वापस लोनी तिराहा से इंटर कॉलेज पर आकर समाप्त हुई। उन्होंने बताया कि यात्रा का मकसद नागरिकों में राष्ट्रप्रेम की भावना को जाग्रत करना है। इसके तहत तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में सभी धर्म, जाति और समुदाय के नागरिकों ने एकजुट होकर कदम से कदम मिलाकर देश के प्रति अपने भक्तिभाव को प्रकट किया।
इसमें इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या, प्रबंधक कौशल्या देवी, अवर अभियंता पवन गुप्ता, पुलिस-प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। तिरंगा रन के दौरान इंटर कॉलेज का स्टाफ, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट एवं गाइड व अन्य स्कूलों के छात्र-छात्राओं, नगर पालिका स्टाफ, सभासद एवं क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति में तिरंगा रन में तिरंगा झंडा हाथ में लेकर भारत माता के जयकारों एवं देशभक्ति गीत के जरिए निकाली गई।
















