-70 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद व करीब 1000 किलोग्राम लहन नष्ट
गाजियाबाद। जनपद में हिंडन खादर क्षेत्र में शराब माफिया अपने हरकतों से बाज नही आ रहे है। आबकारी विभाग की सख्ती के बाद भी तस्कर मौका मिलते ही अवैध तरीके से शराब का निर्माण करने में जुट जाते है। हालांकि आबकारी विभाग की सतर्कता के चलते वह अपने मंसूबों में अभी तक कामयाब नही हो पाए है।

आबकारी विभाग का खुफिया तंत्र इतना मजबूत है कि इधर शराब माफिया अवैध शराब का कारोबार शुरु करते हुए, उधर विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर सुलग रही शराब की भट्टी को ध्वस्त कर देती है। जिससे तस्करों की मुश्किलें भी बढ़ी हुई हैं। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने हिंडन खादर क्षेत्र में दबिश के दौरान 70 लीटर अवैध कच्ची शराब व करीब 1000 किलोग्राम लहन बरामद किया है।

जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया अगामी त्यौहार के दृष्टिगत जनपद में विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार सुबह आबकारी निरीक्षक त्रिवेणी प्रसाद मौर्य की टीम ने थाना टीला मोड़ तथा लोनी अंतर्गत सीती, भूपखेड़ी, रिस्तल, भनेड़ा व हिंडन खादर आदि स्थानों पर दबिश दी। दबिश के दौरान करीब 70 लीटर अवैध कच्ची शराब व करीब 1000 किलोग्राम लहन बरामद हुआ। बरामद शराब को कब्जे में लेते हुए लहन को मौके पर नष्ट कर दिया गया। इसी के साथ उक्त क्षेत्र में स्थित ईट भट्टा पर भी छापेमारी की कार्यवाही की गई।

ईट भट्टा संचालकों तथा उनके प्रतिनिधियों से कहा गया कि अपने भट्टा क्षेत्र के आसपास अवैध मदिरा का निर्माण व बिक्री बिल्कुल भी न होने दें। अगर कहीं अवैध शराब का निर्माण या बिक्री की सूचना मिलती है तो तत्काल आबकारी विभाग को सूचित करें। आबकारी अधिनियम के तहत दो अभियोग पंजीकृत किए गए। अवैध शराब के खिलाफ जनपद में लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जो कि आगे भी पूर्व की तरह जारी रहेगा। अवैध शराब के कारोबार से जुड़े तस्करों के संबधित स्थानों पर छापेमारी के साथ-साथ हाइवे, ढाबों पर चेकिंग की जा रही है।














