नगर निगम में होगी रार लेकिन तीन दिन बाद, अब 13 जुलाई को होगी बैठक

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। नगर निगम की बोर्ड बैठक टल गई है। अब 13 जुलाई को अगली बोर्ड बैठक होगी। सदन सचिव अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने निगम के सभी पार्षदों को इसकी जानकारी भेज दी है। दरअसल शनिवार को अवकाश का दिन होने और नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर को ब्लाक प्रमुख चुनाव में मेरठ में आॅब्जर्वर बनाये जाने के कारण बोर्ड बैठक को टाल दिया गया है। बोर्ड बैठक का एजेंडा पूर्व में जो तय है वहीं रहेगा। उधर, विपक्षी दल के पार्षद सहित कई भाजपाई भी नगर निगम की बैठक में मेयर पदाधिकारियों को घेरने की रचना में लगे हैं। ऐसे में 13 जुलाई को प्रस्तावित नगर निगम की बैठक हंगामेदार होगी और बैठक में एक दूसरे को खूब घेरा जाएगा। पार्षदों ने टैक्स में 15 फीसदी इजाफे तथा नवयुग मार्केट स्थित अम्बेडकर पार्क में 45 करोड की लागत से प्रस्तावित पार्किंग के मुददे पर घेराबंदी की तैयारी आरंभ कर दी है। इसके अलावा कई दूसरे मुददों पर अधिकारियों की घेराबंदी की योजना पर पार्षद अंतिम रूप देने में जुट गए है। हालांकि कुछ पार्षदों का कहना है कि अभी तक एजेंडा नहीं मिला है।
महापौर आशा शर्मा के द्वारा पहले 10 तारीख को लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन परिसर में निगम सदन की बैठक रखे जाने का कार्यक्रम जारी किया गया था। जिसे अब बदल कर 13 जुलाई कर दिया गया है। बता दे कि टैक्स में बढौत्तरी के मुददे पर निगम के दो दर्जन पार्षदों के द्वारा पिछले दिनों एक लेटर के माध्यम से सदन की आपात बैठक बुलाने का आग्रह किया था। पार्षद बड़ी बेसब्री से सदन की बैठक का इंतजार कर रहे है। अनेक पार्षदों का तर्क है कि मौजूदा में हालात ऐसे नहीं है कि लोगों पर किसी तरह का टैक्स का नया बौझ थोंपा जाए। वैसे ही कोरोना की दूसरी लहर के दौरान अनेक परिवार के लोग बिछुड गए है। पार्षद जाकिर सैफी ने बताया कि उन्हें बैठक स्थगित होने की सूचना मिल गई है। 13 जुलाई को बैठक होने की सूचना मिली है। बैठक में शहर के कामकाज को लेकर हिसाब मांगा जाएगा।
——————————————-