नगर निगम की सड़कों को नहीं होगा नुकसान, चौराहों पर जलेंगी होलिका

– जहां-जहां जलेंगी होलिका वहां पर नगर निगम ने सड़क पर बनवाया मिट्टी का चबूतरा

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। होलिका दहन की वजह से सड़कों को नुकसान ना पहुंचे इसको लेकर नगर निगम ने मुक्कमल तैयारी की है। शहर में उन सभी स्थानों पर मिट्टी का चबूतरा बनवाया है जहां पर होलिका दहन होगा। नगर निगम की इस तैयारी पर लोगों ने भी प्रसन्नता जताई है। चीफ इंजीनियर एनके चौधरी ने सभी जोन के जेई को निर्देश दिया है कि यदि कही बीच सड़क पर या चौराहे पर होलिका दहन हो रहा है तो वहां पर मिट्टी का चबूतरा बनवया दिया जाये और त्यौहार के बाद फिर वहां से मिट्टी और मलबा हटवा दिया जाये। शहर में 200 से अधिक ऐसे स्थान हैं जहां पर नगर निगम द्वारा अब तक चबूतरा बनवा दिया गया है और जरूरत पड़ने पर अन्य स्थानों पर भी सड़क पर मिट्टी डालकर चबूतरा बनाने का निर्देश दिया गया है।
प्रतिवर्ष होली के मौके होलिका दहन के दौरान नगर निगम द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से बनाई गई डामर रोड क्षतिग्रस्त हो जाती है। बाद में सड़क की मरम्मत करानी पड़ती है। जब तक सड़क मरम्मत नहीं होती तब तक स्थानीय लोगों को भी परेशानी होती है। दरअसल होलिका दहन के दौरान आग की वजह से डामर पिघलने से बोल्डर बाहर आ जाते हैं और जब कोई वाहन वहां से गुजरता है तो सड़कें टूटने लगती है। ऐसे में नगर निगम ने सड़के क्षतिग्रस्त होने से बचाने का तरीका ढूढ़ निकाला है। नगर निगम द्वारा होलिका दहन के लिए पूर्व में चिन्हित स्थानों पर मिट्टी और बालू डालकर चबूतरा बनवाया है। सिटी जोन में सबसे अधिक 95 स्थानों पर चबूतरा बनवाया गया है। नगर निगम द्वारा शहर में 228 स्थानों पर होलिका दहन के लिए चबूतरा बनवाया गया है।

एनके चौधरी
चीफ इंजीनियर
गाजियाबाद नगर निगम

होलिका दहन के दौरान सड़कें क्षतिग्रस्त ना हो इसलिए होलिका दहन के लिए चिन्हित स्थानों पर मिट्टी का चबूतरा बनवाया गया है। विजय नगर जोन में 40, मोहन नगर में 11 वसुंधरा में 30, कविनगर में 45 और सिटी जोन में 95 स्थानों पर पक्की सड़क पर होलिका जलाई जाने की जानकारी है। इन सभी स्थानों पर मिट्टी का चबूतरा बनवा दिया गया है। सभी जोन के जेई को निर्देशित किया गया है कि जहां भी पक्की सड़क पर होलिका जलाई जा रही हो वहां चबूतरा अवश्य बनवा दें। इससे सड़कें सुरक्षित रहेंगी।
एनके चौधरी
चीफ इंजीनियर
गाजियाबाद नगर निगम