नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने सड़कों का किया निरीक्षण
गाजियाबाद। गाजियाबाद शहर में पथ प्रकाश व्यवस्था सुधारने को नगर निगम ने प्रयास तेज कर दिए हैं। सड़कों को अंधकार मुक्त करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्य मार्गों से लेकर वार्डों की आंतरिक गलियों तक में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा। इसके मद्देनजर नगरायुक्त खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं। नगरायुक्त ने रात में सड़कों पर अंधेरा रहने की शिकायत मिलने पर रिपोर्ट भी मांगी है। उम्मीद है कि प्रकाश व्यवस्था में जल्द बेहतर सुधार देखने को मिलेगा।
खुद जायजा लेने निकले नगरायुक्त
नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने मंगलवार को प्रकाश व्यवस्था का स्थलीय जायजा लिया। प्रकाश विभाग द्वारा विभिन्न स्थानों पर लगाई गई हाई मास्क की स्थिति को भी देखा गया। गाजियाबाद शहर में कुछ स्थानों पर रात्रि में अंधेरा होने की शिकायत नगरायुक्त को मिली थी। जिस पर संज्ञान लेकर वह खुद निरीक्षण पर निकल पड़े। वरिष्ठ प्रकाश प्रभारी एवं अपर नगरायुक्त शिवपूजन यादव व सहायक अभियंता आशु कुमार की मौजूदगी में उन्होंने निरीक्षण किया। जिन-जिन स्थानों पर रात में अंधेरा रहने की शिकायत मिली थी, वहां-वहां पहुंच कर नगरायुक्त ने जानकारी ली। इस बीच मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
वॉलिंटियर्स की भी मदद
नगरायुक्त तंवर ने कहा कि शहर के बाहरी मार्गों की भांति वार्ड में आंतरिक गलियों की प्रकाश व्यवस्था को भी व्यवस्थित किया जाए ताकि नागरिकों की किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी वार्डों की आंतरिक गलियों का भी निरीक्षण करें, जिससे कमियां सामने आ सकें और प्रकाश व्यवस्था को सुधारने में मदद मिले। पार्षदों की शिकायतों एवं सुझाव पर प्रकाश विभाग द्वारा समुचित कार्रवाई की जाएगी। लाइटों की मरम्मत तथा आवश्यकतानुसार नई लाइट को वार्ड के अंदर भी लगाया जा रहा है। नगरायुक्त द्वारा वॉलिंटियर्स के जरिए भी शहर में प्रकाश व्यवस्था को सुचारू कराया जा रहा है। साथ ही शहरवासियों से कहीं भी अंधेरा होने की स्थिति में संपर्क करने के लिए आग्रह किया गया है ताकि संबंधित स्थान पर प्रकाश व्यवस्था को तत्काल दुरूस्त किया जा सके।
रात में रोशन रहेंगी सड़कें
शहर में प्रकाश व्यवस्था को सुधारने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। रात्रि में सड़कों को रोशन रखने में नगर निगम कोई कमी बाकी नहीं छोड़ेगा। प्रकाश व्यवस्था के संबंध में जो भी शिकायतें मिल रही हैं, उनका गंभीरता से निदान कराया जा रहा है। जहां जरूरत है, वहां नई हाई मास्क लाइट लगवाई जा रही है। नई लाइटें पहले से ज्यादा रोशन दे रही हैं। इन लाइटों में विद्युत की खपत भी कम है।
महेंद्र सिंह तंवर
नगरायुक्त
गाजियाबाद नगर निगम
















