-प्रमुख 109 नालों की सफाई के सत्यापन की निगम अधिकारी संभालेंगे कमान
गाजियाबाद। बरसात से पहले नाले व नालियों की हर हाल में सफाई कर ली जाए। मानसून के दौरान कहीं पर भी जलभराव नहीं दिखना चाहिए। यह तभी संभव होगा जब अभी से ध्यान दिया जाएगा। साफ पानी की आपूर्ति पर भी फोकस किया जाए। नियमित रूप से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व सीवर सफाई की जाए। उक्त बातें नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहीं। मानसून से पहले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए की जा रही तैयारियों का फीडबैक लिया। साथ ही प्रमुख 109 नालों की सफाई के सत्यापन के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिससे मानसून से पूर्व चल रही तैयारियों का सत्यापन किया जा सकें। शहर वासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निगम की सभी तैयारी जोरों से की जा रही है। जिसमें नालों की सफाई प्रमुख रूप से चल रही है। छोटे व बड़े सभी नालों की सफाई की जा रही है। 525 में से 109 नाले प्रमुख है। जिनकी सफाई के सत्यापन के लिए नगर आयुक्त ने विशेष टीम बनाई है।
अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव सिटी जोन के 11 नालों की सफाई व्यवस्था को देखेंगे, वसुंधरा जोन अंतर्गत 50 नालों की जिम्मेदारी अवनींद्र कुमार अपर नगर आयुक्त को दी गई है। उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह विजयनगर के 10 प्रमुख नालों की सफाई व्यवस्था को सुनिश्चित करेंगे। मोहन नगर जोन अंतर्गत मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी की ड्यूटी लगाई गई है। जिनके द्वारा 11 प्रमुख नालों पर अपनी नजर बनाए रखी जाएगी। 27 नाले वसुंधरा में है, जिनकी सफाई का सत्यापन महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद द्वारा किया जाएगा। इस प्रकार नगर आयुक्त द्वारा पांचो जोन में जलभराव की समस्या को कंट्रोल करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। यह प्रमुख 109 नाले है, जिनके साफ होने से छोटे नालों का जल स्वयं ही प्रवाहित रहेगा। नगर आयुक्त ने बताया मानसून से पूर्व बारी-बारी सभी नालों की सफाई की जा रही है।
ऐसे नाले जिनके साफ होने पर छोटे नालों का जल स्वयं ही प्रवाहित रहेगा, उन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कई विभागीय अधिकारियों सहित अपर नगर आयुक्त की भी ड्यूटी लगाई गई है। जोन वार नालों की सफाई तेजी से चल रही है। संबंधित स्वास्थ्य विभाग और संबंधित ठेकेदारों से प्रतिदिन चल रहे कार्यों की रिपोर्ट भी ली जा रही है। अधिकारियों द्वारा सफाई व्यवस्था का सत्यापन किया जाएगा और आवश्यकतानुसार नालों की सफाई के लिए पुनरावृत्ति भी की जाएगी। क्षेत्रीय पार्षदों से भी नगर निगम की टीम लगातार संपर्क करते हुए नालों के साथ-साथ वार्ड के अंदर पुलियों की सफाई को भी अभियान के रूप में करेगी। जोनल प्रभारी भी अपने-अपने जोन में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय करते हुए कार्य में सहयोग करेंगे निर्देश दिए गए।
















