कड़कड़ मॉडल गांव में नाले के उपर डाली गई थी पुलिया, ठेकेदार ने इंजीनियर से की शिकायत
गाजियाबाद। भला ऐसा भी हो सकता है। सुनने में भी अजीब लग रहा होगा लेकिन यह सच्ची घटना है। चोर नगर निगम द्वारा नाले के ऊपर डाली गई पुलिया चोरी करके ले गये। ठेकेदार ने मामले की शिकायत नगर निगम के एग्जयूकेटिव इंजीनियर से की है। ठेकेदार का कहना है कि अभी तक कंस्ट्रकशन साइट से सीमेंट, बालू, सरिया ही चोरी होते थे लेकिन अब बनी बनाई पुलिया चोरी होना अजीब घटना है। इस तरह की घटनाओं के कारण काम करने में परेशानी आती है। इस मामले में यदि कार्रवाई नहीं हुई तो संवेदनशील क्षेत्रों में काम नहीं करेंगे। 
नगर निगम के वार्ड- 43 स्थित कड़कड़ मॉडल गांव में लीसा कंस्ट्रक्शन द्वारा काम किया जा रहा है। कड़कड़ गांव में खुले नाले के कारण लोगों को आने जाने में दिक्कत हो रही थी। ऐसे में नगर निगम ने यहां नाले के ऊपर पुलिया डालने का काम लीसा कंस्ट्रक्शन को दिया गया। शुक्रवार शाम पुलिया का लेंटर डालने के बाद ठेकेदार और लेबर चले गये। शनिवार सुबह जब लेबर लेंटर पर पानी डालने पहुंचे तो वहां लेंटर मौजूद नहीं था और कुछ मलबा इधर-उधर बिखरा हुआ था। 
लेबर ने लीसा कंस्ट्रक्शन के डायरेक्टर सुभाष चौधरी को घटना की जानकारी दी। सुभाष चौधरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि एक दिन पहले नाले के ऊपर डाला गया पुलिया मौके से गायब था। सुभाष चौधरी ने इसकी जानकारी नगर निगम के एग्जयूकेटिव इंजीनियर देशराज सिंह को दी। सुभाष चौधरी ने बताया कि कुछ क्षेत्र ऐसे हैं जहां पर काम करना काफी कठिन होता है। कंस्ट्रक्शन साइट से मैटेरियल चोरी होते थे। लेकिन अब पुलिया और लेंटर चोरी होने की घटना गंभीर है। इस तरह से परेशान किये जाने पर ठेकेदार काम नहीं कर सकेंगे। नगर निगम के कई वार्ड ऐसे हैं। जहां पर ठेकेदारों को चोरी की घटनाओं से जूूझना पड़ता है।















