पुलिस से बचने के लिए कैब से करने लगे शराब की तस्करी

  • 40 बोतल शराब समेत चार गिरफ्तार

गाजियाबाद। जनपद में अवैध शराब एवं दिल्ली शराब की तस्करी/परिवहन पर पूर्ण रुप से अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई में लगातार तेजी आ रही है। दिल्ली से शराब लाने वाले लोग भी अब आए नए-नए पैतेर अपना रहे है। बाइक, लग्जरी कार और पैदल लेकर आने के साथ-साथ अब कैब का प्रयोग भी शराब तस्करी के लिए किया जा रहा है। लेकिन आबकारी विभाग की निति दिल्ली से शराब लाने वाले लोगों की चाल को पहले ही भांप लेती और गाजियाबाद की सीमा में घुसते ही पकड़ रही है। आबकारी विभाग की कार्रवाई के चलते अब यह लग रहा है कि दिल्ली शराब तस्करी करने वाले लोगों के पास कोई नया पैतरा नही बचा है। आबकारी विभाग की टीम लगातार दिल्ली से सटे बोर्डर, हाईवे एवं क्षेत्र की गलियों में भी मुस्तैद है। साथ ही बस अड्डो पर भी यात्रियों की चेकिंग की जा रही है।

जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार देर शाम आबकारी निरीक्षकों की टीम द्वारा दिल्ली बॉर्डर, ट्रांसपोर्ट नगर चेक पोस्ट, भोपुरा चेक पोस्ट, लोनी बॉर्डर, नंदग्राम, खोड़ा में चेकिंग की गई। आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय की टीम ने रोड़ चेकिंग के दौरान खोड़ा क्षेत्र से दो ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया। जो दिल्ली से शराब लाने के लिए कैब का प्रयोग कर रहे थे। चेकिंग के दौरान टैक्सी वैगनआर कार से परिवहन करते हुए 24 बोतल रॉयल स्टेज अग्रेजी शराब दिल्ली मार्का समेत गोविंद सिंह पुत्र बच्चन सिंह एवं राजेन्द्र सिंह पुत्र नारायण सिंह को गिरफ्तार किया गया।

वहीं चेकिंग के दौरान मारुति सुज़ुकी सेलेरियो कार से परिवहन करते 16 बोतल ब्लेक डॉग दिल्ली मार्का के साथ दो आरोपी अमित पुत्र कामेश्वर एवं मुकेश पुत्र राजेन्द्र को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया शराब तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पकड़े जाने वाले तस्करों के वाहनों को भी सीज किया जा रहा है। यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पहले की अपेक्षा अब दिल्ली शराब की तस्करी कम होने लगी है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ थाना खोड़ा में आबकारी अधिनियम की धारा 60/63/72 में अभियोग पंजीकृत कर जेल भेजा गया।