पुलिस से बचने के लिए साइकिल पर ला रहा था दिल्ली की शराब, आबकारी विभाग ने दबोचा

  • दिल्ली की अवैध शराब, बीयर समेत 7 गिरफ्तार

गाजियाबाद। जनपद में दिल्ली एवं हरियाणा की अवैध शराब की तस्करी एवं बिक्री रोकने के लिए आबकारी विभाग का अभियान जारी है। मैन पावर कम होने के बावजूद विभाग पूरी तरह से मुस्तैदी बरत रहा है। खासकर दिल्ली की सस्ती शराब की गाजियाबाद में आमद रोकने को प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। वर्तमान में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन की रोकथाम के लिए आबकारी विभाग के 5 इंस्पेक्टर और 23 सिपाही फील्ड में सक्रिय हैं। पहले 7 इंस्पेक्टर तैनात थे। एक इंस्पेक्टर के सेवानिवृत्त होने और दो इंस्पेक्टर का तबादला होने के कारण व हाल में एक इंस्पेक्टर की तैनाती के बाद संख्या घटकर पांच पर पहुंच चुकी है, मगर जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देशन में यह टीम बखूवी अपने दायित्वों का निर्वहन करती दिखाई दे रही है।

जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में यह टीम पूरे जोश के साथ दिल्ली के अलावा बाहरी राज्यों से शराब लाने वाले तस्करों पर भारी पड़ रही है। इसके नतीजे भी अच्छे मिल रहे हैं। जिस कारण पूर्व की तरह सक्रिय शराब तस्कर अब जनपद में अवैध शराब का कारोबार एवं परिवहन करने से बचते नजर आ रहा है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग की टीम ने दिल्ली से शराब लाने वाले 7 व्यक्तियों को अवैध शराब समेत गिरफ्तार किया है। जिनके पास से बरामद वाहन को भी जब्त कर लिया गया।

आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश के क्रम में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अवैध मद्य निष्कर्षण एवं अवैध मदिरा की तस्करी व परिवहन के खिलाफ जनपद में लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी निरीक्षक अखिलेश वर्मा, आशीष पाण्डेय, त्रिवेणी प्रसाद मौर्य, विवेक त्रिपाठी की संयुक्त टीम बुधवार देर रात दिल्ली बॉर्डर ,खोड़ा, ट्रांसपोर्ट नगर चेक पोस्ट, डीएलएफ मॉल के पास एवं लोनी बागपत मार्ग पर चेकिंग की गई। आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय, त्रिवेणी प्रसाद मौर्य की संयुक्त टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर सीमा चौकी के पास 4 बोतल मैक डॉवल नंबर-1 दिल्ली मार्का के साथ अरविंद सिंह को गिरफ्तार किया गया।

वहीं थाना लोनी बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक पर परिवहन करते हुए 14 बोतल बियर गॉडफादर के साथ दो व्यक्ति आबिद पुत्र इलियास एवं जावेद पुत्र मोहम्मद इस्लाम को गिरफ्तार किया गया और थाना लोनी अंतर्गत राम पार्क में चेकिंग के दौरान बजाज बाइक से परिवहन करते हुए 8 बोतल गॉडफादर बियर एवं दो हाफ रॉयल ग्रीन के साथ गुलजार पुत्र मोहम्मद करीम को गिरफ्तार किया गया। उधर डीएलएफ चौकी के पास चेकिंग के दौरान एक्टिवा स्कूटी पर परिवहन करते हुए 12 बोतल किंगफिशर बियर के साथ दो भाई रईस मलिक पुत्र मोहम्मद यूसुफ व युसूफ मलिक पुत्र मोहम्मद यूसुफ को गिरफ्तार किया गया। ट्रांसपोर्ट नगर चेकपोस्ट पर चेकिंग के दौरान रामकुमार पुत्र किशनलाल को साईकिल पर परिवहन करते हुए 48 पौवे अरिस्टोक्रेट व्हिस्की के साथ गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। किसी भी सूरत में अवैध शराब का कारोबार बर्दास्त नही किया जाएगा।