नगर आयुक्त की अध्यक्षता में टाउन वेंडिंग बैठक सफल, चार प्रमुख बिंदुओं पर समाधान का फैसला

  • नई टाउन वेंडिंग कमेटी के गठन तक शासन के आदेशों का सख्ती से पालन करेंगे अधिकारी: विक्रमादित्य सिंह मलिक

उदय भूमि

गाजियाबाद। साप्ताहिक बाजारों को लेकर नगर निगम मुख्यालय में गुरुवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की अध्यक्षता में टाउन वेंडिंग कमेटी के सदस्यों की बैठक हुई। जिसमें साप्ताहिक बाजारों को व्यवस्थित करने को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। नगर निगम अधिकारियों, पुलिस विभाग, एनसीआर सेल और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में नगर आयुक्त ने चार प्रमुख बिंदुओं पर कार्य योजना तैयार कर सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए। गाजियाबाद में साप्ताहिक बाजारों की अव्यवस्था को लेकर कई विभागों को लगातार दिक्कतें हो रही थीं। अब नगर निगम के नए निर्णय से उम्मीद की जा रही है कि शहर में बाजारों की स्थिति सुधरेगी और यातायात अव्यवस्था भी कम होगी। बैठक में गाजियाबाद नगर निगम के अधिकारियों के अलावा 2017 में गठित टाउन वेंडिंग कमेटी के सदस्य अपर जिलाधिकारी नगर गंभीर सिंह, एसीपी ट्रैफिक जियाउद्दीन अहमद, अन्य पुलिस विभाग, एनसीआर सेल, अग्निशमन विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। साप्ताहिक बाजार को व्यवस्थित करना जो कि कई विभागों के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है। उस समस्या का समाधान करने के लिए नगर आयुक्त ने प्लानिंग करते हुए चार बिंदुओं पर सरलता से कार्यवाही शुरु कर दी है।

नगर आयुक्त ने बताया पुरानी टाउन वेंडिंग कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक हुई जिसमें सभी संबंधित विभाग की अधिकारी भी उपस्थित रहे। नगर निगम में हुई साप्ताहिक बाजार की बैठक में कार्य योजना बनाई गई है। जिसके क्रम में कार्यवाही प्रारंभ की जा चुकी है। पुलिस विभाग यातायात पुलिस जोनल प्रभारी संयुक्त टीम बनाकर वर्तमान में शासन के आदेश पर लग रहे बाजारों को व्यवस्थित करेंगे। जिसमें ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए भी कार्यवाही की जाएगी। आवागमन सरल रहे और बाजार लगाने वाले विक्रेताओं को भी परेशानी ना हो कार्यवाही के निर्णय लिए गए हैं। नगर आयुक्त के समक्ष टाउन वेंडिंग कमेटी के सदस्यों ने बाहरी विक्रेताओं पर निगम सीमा अंतर्गत बाजार लगाने को लेकर चर्चा की गई। जिसका निर्णय नई टाउन वेंडिंग कमेटी द्वारा लिया जाएगा।

उपस्थित जनों को अवगत कराया गया, बाजार के व्यापारियों द्वारा एक दिवस का बंद सप्ताह में लिया जाता है। जिसका निर्णय भी जिलाधिकारी द्वारा साप्ताहिक बाजार को व्यवस्थित करने के क्रम में लिया जाएगा। साप्ताहिक बाजार को पूर्ण रूप से व्यवस्थित तथा आवागमन को सरल बनाने के क्रम में जनप्रतिनिधियों का भी विशेष सहयोग रहेगा। नगर आयुक्त द्वारा समस्त कार्यवाही पूर्ण करते हुए नई टाउन वेंडिंग कमेटी का गठन 15 दिन के भीतर करने के लिए उपस्थित जनों को निर्देश दिए। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त अवनेंद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह, डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल, पार्षद राजीव शर्मा,
जोनल प्रभारी सुनील राय उपस्थित रहे।

बैठक में लिए गए मुख्य निर्णय:
  • नई टाउन वेंडिंग कमेटी का गठन: वर्तमान कमेटी को भंग कर 15 दिनों के भीतर नई कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया।
  • साप्ताहिक बाजार जारी रहेंगे: जब तक कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होती, तब तक बाजार शासन के निर्देशानुसार यथावत चलते रहेंगे।
  • सड़क किनारे बाजार होंगे, सड़कों पर नहीं: बाजारों को व्यवस्थित करने के लिए येलो लाइन खींची जाएगी, जिसके अंदर ही विक्रेताओं को दुकानें लगाने की अनुमति होगी।
  • पथ विक्रेताओं का पंजीकरण और आईडी कार्ड: सभी जोनल प्रभारी अपने क्षेत्र के विक्रेताओं का रजिस्ट्रेशन करेंगे और उन्हें आईडी कार्ड दिए जाएंगे। साथ ही, बाजार लगाने के लिए निर्धारित सीमा में यूजर चार्ज भी वसूला जाएगा।