कार्रवाई की मांग को लेकर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
गाजियाबाद। एमएलसी श्रीचंद शर्मा के बेटे और उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की युवा इकाई के प्रदेश उपाध्यक्ष राजू छाबड़ा के बीच हुए विवाद की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर सोमवार को उप्र व्यापार मंडल से जुड़े सैकड़ो व्यापारी हाथों में तख्ती लिए श्रीचंद शर्मा एमएलसी के गुंडो को गिरफ्तार करो, राजू छाबड़ा को रिहा करो, अविनाश शर्मा व उसके गुंडो को गिरफ्तार करो आदि नारे लगाते हुए जिला मुख्यालय पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
दिए गये ज्ञापन में व्यापारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि गाजियाबाद पुलिस ने एमएलसी श्रीचंद शर्मा के दबाव में आकर एकतरफा कार्रवाई करते हुुए युवा व्यापारी नेता पर गंभीर धाराएं लगाकर उन्हें जेल भेजने का काम किया है। जबकि इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर दर्ज की गई थी। व्यापार मंडल गाजियाबाद इकाई के महामंत्री मनवीर नागर ने कहा कि 5 दिसंबर 2021 को रमतेराम रोड पर लगे जाम को खुलवा रहे व्यापारी नेता सुभाष छाबड़ा के दामाद पर एमएलसी श्रीचंद शर्मा के बेटे अविनाश शर्मा और उनके तीन साथियों ने हमला कर दिया था।
जब इसकी सूचना सुभाष छाबड़ा और राजू छाबड़ा को मिली तो वह भी मौके पर पहुंचे। इस बीच काफी संख्या में व्यापारी एकत्रित हो गए। दोनों ओर से हुई कहासुनी के बाद दोनों में हाथापाई भी हुई। उन्होंने कहा शहर के प्रमुख लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हो गया था। लेकिन चुनाव खत्म होते ही पुलिस ने एक तरफा कार्र्रवाई करते हुुए राजू छाबड़ा को जेल भेज दिया। छाबड़ा की ओर से भी अविनाश शर्मा और उसके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। मगर पुलिस ने उन पर कोई कार्रवाई नही की। पुलिस ने दबाव में आकर एक तरफा कार्रवाई की है। उक्त मामले में तमाम पुलिस अधिकारी ने मौके का मुवायना कर 9 से 10 लोगों के बयान लिए थे। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दूसरे पक्ष के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।
अगर दुसरे पक्ष पर भी कोई कार्रवाई नही की तो व्यापारी वर्ग को सड़क पर उतरकर आंदोलने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। जिसकी जिम्मेदारी पुलिस-प्रशासन की होगी। व्यापारियों का उत्पीडऩ बिल्कुल भी बर्दास्त नही किया जाएगा। मनवीर नागर ने कहा कि पुलिस ने सत्ता के दबाव में आकर धारा 326 दो महीने बाद बढाई, जो कि गलत है। प्रदर्शन के दौरान राजीव शर्मा, अशोक अरोड़ा, सुबोध गुप्ता, सुनील कुमार, सौरभ जायसवाल, अजय गुप्ता, सुभाष गुप्ता, राजेन्द्र मित्तल, अशोक नागपाल, अनिल अग्रवाल, हरीश मल्हौत्रा, मुकेश आनन्द, वरूण कुमार, राजकुमार आर्य, रघुवीर सोनी, अनूप सोनी समेत सैकड़ो व्यापारी उपस्थित रहे।
















