व्यापारियों ने की व्यापारिक आयोग गठन की मांग, एके शर्मा को सौंपा पत्र

गाजियाबाद। प्रदेश में व्यापारिक आयोग गठन कराने की मांग को लेकर राष्ट्रीय व्यापार मंडल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को संबोधित पत्र भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष, सेवानिवृत आईएएस एवं विधान परिषद सदस्य अरविन्द कुमार शर्मा को सौंपा।
प्रदेश अध्यक्ष योगेन्द्र सिंह ने दिए गये पत्र में बताया कि किसानों की तरह छोटे व्यापारियों का पांच लाख तक का विभिन्न सरकारी योजनाओं से लिया गया कर्ज को सरकार को माफ करना होगा। व्यापारियों को रोजगार के लिए 50 लाख रुपये तक का लोन बिना बैंक गारंटी उपलब्ध कराने, कोरोना काल में सरकार ने सभी वर्ग को राहत दी है, लेकिन व्यापारी वर्ग इससे अछूता है। जिलाध्यक्ष बाल किशन गुप्ता ने कहा सरकार के आदेशों पर व्यापारियों ने दुकानें बंद रखी, लेकिन बैंकों ने व्यापार के लिए विभिन्न मदों में लिए गए लोन की किस्तों को समय पर देने दबाव बनाये रखा, जिस व्यापारी ने समय पर किस्त नही दी उस पर ब्याज पर भी पेनल्टी लगाकर वसूला गया। अब व्यापारी वर्ग एकजुट हो चुका है। कोरोना काल में व्यापारियों को किसी भी स्तर की कोई राहत नहीं मिली। तत्काल प्रभाव से व्यापारिक आयोग गठन किया जाए। अरविंद कुमार शर्मा ने आश्वासन दिया कि आपकी मांगों से संबधित पत्र प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के पास पहुंचाया जाएगा। भविष्य में प्रदेश के मुख्यमंत्री से भी व्यापारियों के विषय की चर्चा होगी। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री प्रदीप चौधरी, अजय, राष्ट्रीय कोर्डिनेटर राकेश शर्मा सदरपुर, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अशोक भारतीय, महानगर अध्यक्ष संजय गोयल, विरेंद्र कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।