गाजियाबाद। राष्ट्रीय व्यापार मंडल के आवह्न पर गुरूवार को व्यापारियों गोविंदपुरम में बैठक संपन्न हुई। बैठक में व्यापारियों ने तंबाकू, सिगरेट, पान मसाला की बिक्री के लिए लाइसेंस लिए जाने के कानून का कड़ा विरोध किया।
सरकार पर छोटे दुकानदारों के शोषण का आरोप लगाया। व्यापारियों ने प्रदेश सरकार से यह फैसला वापस लेने की मांग की है। संगठन के संरक्षक अशोक भारतीय ने कहा कि इस फैसले से छोटे दुकानदार का उत्पीडऩ बढ़ेगा। सरकार चाहे तो तंबाकू पर पूर्ण प्रतिबंध लगा कर अच्छा संदेश दे सकती है लेकिन लाइसेंस के नाम पर छोटे दुकानदारों का उत्पीडऩ सही नहीं होगा। जिला अध्यक्ष बालकिशन गुप्ता ने कहा सरकार ने तंबाकू, सिगरेट, पान, मसाला बेचने के लिए लाइसेंस लिए जाने का कानून बनाया है। साथ ही इसकी फीस भी काफी अधिक रखी गई है। इसमें यह प्रावधान है कि जो लोग तंबाकू, सिगरेट आदि बेचेंगे, वह दुकानों पर अन्य टॉफी, बिस्केट आदि की बिक्री नहीं कर सकेंगे। इस तरह का कानून छोटे दुकानदारों को परेशान करने वाला है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संदीप त्यागी रसम ने पेट्रोल डीजल की बढ़ती बेतहाशा कीमतों पर तुरन्त रोक लगाने व कीमत कम करने की मांग की। महानगर अध्यक्ष संजय गोयल ने पेट्रोल डीजल को जीएसटी के दायरे में लाने की मांग की। बैठक में राकेश शर्मा, प्रदीप चौधरी, संजय गोयल, संदीप त्यागी रसम, डॉ सोनिका शर्मा, श्वेता शर्मा, राजीव त्यागी राज, वीरेन्द्र कंडेरे, डॉ गौरव गोपाल आदि उपस्थित थे।















