-अपर जिलाधिकारी (नगर) ने व्यापारियों के साथ की बैठक
गाजियाबाद। केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए तीनों कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलनरत किसानों का 26 मार्च को भारत बंद ऐलान में व्यापारी संगठन इसमें शामिल नहीं होंगे। किसानों ने भारत बंद में व्यापारिक संगठनों से भी शामिल होने का आहवान किया है। अपर जिलाधिकारी (नगर) शैलेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को जिला मुख्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत बंद, कोविड-19 महामारी व व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा की गई।
व्यापारियों ने महामारी के कारण व्यापार में आई कमी, अतिक्रमण, पंचायत चुनाव में शहरी व्यक्तियों से शस्त्र लाइसेंस जमा कराने, व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस बनवाने आदि बिंदुओं से अवगत कराया। एडीएम सिटी शैलेंंद्र कुमार सिंह को व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों ने आश्वासन दिया कि भारत बंद में शामिल नहीं होंगे। व्यापारी संगठन कोई कॉल नहीं कर रहे हैं। अगर कोई व्यापारी अपने स्तर से इस बंद में शामिल होता है तो उसे रोका नहीं जाएगा। महानगर उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री अशोक चावला ने कहा कि 26 मार्च को भारत बंद में शहर से व्यापारिक संगठन के तौर पर कोई शामिल नहीं होगा। दुकानें खुलवाई जाएगी। एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह को व्यापारियों ने अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए इनका जल्द निस्तारण कराने की मांग की। एडीएम सिटी की अध्यक्षता में हुई बैठक में व्यापारियों ने 26 मार्च को भारत बंद में शामिल नहीं होने का वादा किया। इस दौरान महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष गोपीचंद, व्यापारी नेता तिलक राज अरोड़ा, अशोक भारतीय, प्रीतम लाल, हितेंद्र शर्मा, कमलेश शर्मा, उदित मोहन व ट्रक ऑपरेटर एसोसिएशन, बस ऑपरेटर एसोसिएशन, थ्री व्हीलर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी समस्याओं से अवगत कराया। जीएसटी विभाग के को-ऑर्डिनेटर आर.के. द्विवेदी, सीओ एलआईयू भी उपस्थित रहे। इसके पश्चात एडीएम (सिटी) शैलेंद्र कुमार सिंह व एसपी ट्रैफिक कुशवाह ने व्यापारियों को की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया।
















