टीएसटीपी प्रोजेक्ट: निविदा भागीदारों के समक्ष खोली गई बिड

-नगरायुक्त की मौजूदगी में पूरी हुई प्रक्रिया, 3 कंपनियों ने लिया भाग

गाजियाबाद। नगर निगम ने ग्रीन म्युनिसिपल बॉन्ड के अंतर्गत टीएसटीपी प्रोजेक्ट पर काम तेज कर दिया है। इसके तहत निविदा भागीदारों के समक्ष बिड खोली गई है। नगरायुक्त के कैंप कार्यालय पर उनकी उपस्थिति में बिड खोली गई। इस दौरान 3 कंपनियों की बिड प्राप्त हुई। अब दस्तावेजों की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के कैंप कार्यालय में उनकी उपस्थिति में बिड खोली गई। ग्रीन म्युनिसिपल बॉन्ड से जुड़े टीएसटीपी प्रोजेक्ट के लिए बिड आमंत्रित की गई थीं। आमंत्रित निविदाओं को निविदा भागीदारों के समक्ष खोला गया। टीएसटीपी प्रोजेक्ट में वी ए वा बैग लिमिटेड चेन्नई, त्रिवेणी इंजीनियर नोएडा तथा एनवायरो कंट्रोल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी सूरत ने दिलचस्पी दिखाई है।

दस्तावेजों की जांच के बाद होगी निविदा भागीदारों को अगली बैठक
नगरायुक्त तंवर का कहना है कि दस्तावेजों की जांच कर आगामी कार्यवाही के लिए निविदा भागीदारों को अगली बैठक में बुलाया जाएगा। बैठक में तीनों कंपनियों के प्रतिनिधियों के अलावा अधिशासी अभियंता (जल) योगेंद्र यादव, सहायक अभियंता (जल) आश कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे। बता दें कि नगर निगम ने देश का पहला ग्रीन म्युनिसिपल बॉन्ड विगत 31 मार्च 2021 को जारी किया था। इस बॉन्ड के जरिए विभागा ने डेढ़ सौ करोड़ रुपए का फंड एकत्र किया है। इसमें सौ करोड़ रुपए बेस इशू और 50 करोड़ रुपए ग्रीन इशू से जुटाए गए हैं। डेढ़ सौ करोड़ के म्युनिसिपल बॉन्ड के अतिरिक्त 401 करोड़ रुपए की 40 ऑनलाइन बिड्स बाम्बे स्टॉक एक्सचेंज के ऑनलाइन बिडिंग प्लेटफार्म पर मिली हैं। ग्रीन म्युनिसिपल बॉन्ड से टर्शियरी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (टीएसटीपी) का निर्माण किया जाना है। इस प्लांट से गंदे पानी को साफ कर इंडस्ट्रीयल वॉटर के लायक बनाया जाएगा। जनपद गाजियाबाद में साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र के लिए इस प्रोजेक्ट को तैयार किया गया है। प्रस्तावित प्रोजेक्ट की कुल लागत करीब 240 करोड़ रुपए है, जिसकी पार्ट फंडिंग नगर निगम के ग्रीन म्युनिसिपल बॉन्ड से की जाएगी। योजना के लागू होने पर उद्योगों की ग्राउंड वॉटर पर निर्भरता समाप्त हो जाएगी। नगर निगम को इस प्रोजेक्ट से आमदनी भी होगी। नगर निगम उद्योगों को पानी की आपूर्ति के बदले यूजर चार्ज वसूलेगा। यह प्लांट इंदिरापुरम में लगाया जाना है।