दिल्ली की सस्ती शराब ने दो युवकों को खिलाई फिर जेल की हवा

-अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की सख्ती, चेक पोस्ट व टोल टैक्स पर चलाया चेकिंग अभियान

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्कर दिल्ली की सस्ती शराब की तस्करी कर रहे थे। कम समय में ज्यादा कमाने की चाह ने एक बार फिर से दो तस्करों को सलाखों के पीछे भेज दिया। दरअसल दिल्ली में जिस शराब की बोतल की कीमत 180 रुपये है, वहीं गाजियाबाद में उसकी कीमत करीब 200 या फिर 225 रुपये है। इन रुपयों को बचाने और अधिक दाम में बेचने के लिए आरोपी दिल्ली से शराब तस्करी कर रहे थे। उक्त शराब को बेचने के लिए तस्करों ने समय भी निर्धारित किया हुआ था। गाजियाबाद में जैसे ही शराब की दुकानें बंद हो जाती, उसके बाद उक्त शराब को बेचने का अपना धंधा जमाते थे। मगर इस बार इनका धंधा करने का सपना अधूरा रह गया। इस बार जैसे ही दिल्ली की शराब लेकर तस्कर गाजियाबाद में पहुंचे, आबकारी विभाग की टीम ने दबोच लिया।

जनपद गाजियाबाद को अवैध शराब के कारोबार से मुक्त करने के लिए आबकारी विभाग की टीमों ने दिल्ली से गाजियाबाद की सीमा में आने वाले हर रास्ते एवं मार्ग पर अपना पहरा बढ़ा दिया है। आबकारी विभाग की टीमें तीन शिफ्टों में 24 घंटे पहरा दे रही है। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया लोकसभा चुनाव को लेकर जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत आबकारी विभाग की सभी टीमें अपने-अपने क्षेत्र में दबिश एवं छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। इसके साथ ही शराब की दुकानों पर औचक निरीक्षण कर जांच की जा रही है। मंगलवार को आबकारी निरीक्षक त्रिवेणी प्रसाद मौर्य की टीम द्वारा सोमवार रात को ट्रांसपोर्ट नगर में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों को टीम ने रुकने का इशारा किया। टीम को देख बाइक सवार भागने लगे। घेराबंदी कर बाइक सवारों को पकड़ लिया गया।

जब युवकों की तलाशी ली गई तो उनके पास से प्लास्टिक के कट्टे में छिपाकर रखी गई 12 बोतल नारंगी मसालेदार देसी शराब दिल्ली मार्का बरामद किया गया। पकड़े गए तस्करों की पहचान संजय पुत्र सुखबीर निवासी कल्याणपुरी दिल्ली व शिवम पुत्र राजेश कुमार निवासी प्रताप विहार विजय नगर के रुप में हुई है। जिनके पास से तस्करी में प्रयुक्त हीरो स्पलेंडर प्लस बाइक बरामद किया गया। जिनके खिलाफ थाना साहिबाबाद में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया बरामद शराब की कीमत 2200 रुपये है। पकड़े गए तस्कर दिल्ली से सस्ती शराब लाकर विजय नगर क्षेत्र में लाइसेंसी शराब की दुकान बंद होने के बाद उक्त शराब को महंगे दामों में बेचने का कारोबार करते थे। जो कि पिछले काफी समय से तस्करी कर रहे थे। बाहरी राज्यों से होने वाली तस्करी रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीमें दिल्ली से गाजियाबाद की सीमा में प्रवेश करने वाले हर रास्ते व मार्ग पर पहरा दे रही है। साथ ही डासना और दुहाई टोल टैक्स पर भी वाहनों की चेकिंग की जा रही है। इसके अलावा टीम द्वारा शराब की दुकानों पर भी निरीक्षण करने के साथ गोपनीय टेस्ट परचेजिंग कराई जा रही है। जिससे अवैध शराब तस्करी को रोका जा सकें।