महिला स्वास्थ्य कर्मचारी को थप्पड़ मारने पर बरपा हंगामा

-स्वास्थ्य केंद्र पर रोका गया टीकाकरण का कार्य

गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के चलते अब कोरोनारोधी टीका लगवाने आए लोगों का लाइन में लगने के बाद सब्र टूट रहा है। शुक्रवार को शास्त्रीनगर स्थित कोरोना टीकाकरण केंद्र पर टीका लगवाने आए लोगों ने हंगामा करने के साथ ही महिला स्टॉफ नर्स को एक युवक ने थप्पड़ मार दिया। थप्पड़ मारने के बाद मेडिकल स्टॉफ ने केंद्र को बंद कर दिया। मामला बिगडऩे पर कविनगर थाना पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। मामूली विवाद के चलते ऐसा हुआ।मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू में किया। कविनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि महिला नर्स को थप्पड़ मारने के मामले में तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दरअसल,कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए टीका लगवाने के लिए लोगों की केंद्रों पर भीड़ उमड़ रही हैं। केंद्रों पर पहले टीका लगवाने की होड़ में अव्यवस्थाएं फैलने लगी हैं। शुक्रवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शास्त्रीनगर में सुबह को टीकाकरण के लिए लंबी लाइन लग गई। इसी बीच स्टाफ नर्स दीक्षा ड्यूटी पर पहुंची और केंद्र में प्रवेश करने लगी तभी भीड़ ने उन्हें प्रवेश नहीं करने दिया। उन्होंने बताया कि वह स्टॉफ नर्स है,लेकिन लोगों ने उनकी एक नहीं सुनी। स्टाफ नर्स को धक्का देकर नीचे गिरा दिया गया। इसके बाद एक काली टी शर्ट पहने युवक ने स्टाफ नर्स को तमाचा मार दिया। इस घटना के बाद नाराज पूरा स्टाफ केंद्र से बाहर आ गया और टीकाकरण बंद कर दिया गया। केंद्र की प्रभारी डॉ.दीप्ति यादव ने कविनगर थाना पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस के साथ ही मौके पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.विश्राम सिंह भी पहुंच गए। मारपीट एवं हंगामा कराने वालों के खिलाफ लिखित में तहरीर दी गई। पुलिस की मौजूदगी में फिर से टीकाकरण शुरू किया गया।प्रभारी ने बताया कि बाहर हंगामा करने के बाद कुछ लोगों ने केंद्र के भीतर पहुंचकर महिला स्टाफ के साथ बदतमीजी भी की। उनका कहना है कि ऐसे हालातों में विशेष टीकाकरण अभियान सफल होना मुश्किल है। एक मई से 18 साल से ऊपर आयु वर्ग का टीकाकरण अभियान शुरू होना है। इसमें 18 वर्ष से 44 वर्ष आयु के बीच के लोगों को टीका लगाया जाएगा।वहीं,कोरोनारोधी टीका लगवाने को लेकर केंद्रों पर लोगों में आपाधापी मची हुई है। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर जानलेवा बन रही हैं। ऐसे में लोग कोरोनारोधी टीका लगवाने के लिए शारीरिक दूरी और संक्रमण का खतरा भूलकर आपाधापी पर उतारू हैं। सेक्टर-23 संजय नगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर हर दिन यह आलम है, ऐसे में संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। वहीं,घंटाघर रामलीला मैदान में शुरू किए गए टीकाकरण केंद्र भी लोगों की मारामारी हैं। 45 वर्ष से अधिक उम्र वालों को कोरोनारोधी टीका लगाया जा रहा है। जिले भर में इसके लिए अलग-अलग जगह टीका केंद्र बनाए गए हैं। इसी में से एक है संजयनगर सेक्टर-23 का प्राथमिक चिकित्सा केंद्र। यह रिहायशी इलाके के बीचोंबीच है। रोज सुबह यहां कोरोनारोधी टीका लगवाने के लिए लोग काफी संख्या में आते हैं, लेकिन अपना नंबर पहला लगाने के लिए एक दूसरे से शारीरिक दूरी का पालन करना तक भूल जाते हैं। वहीं, आसपास के घरों के चबूतरों पर वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंचने वाले मिलकर बैठे रहते हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से व्यवस्था बनाने को एक होमगार्ड तक तैनात नहीं है। आपाधापी होने पर चिकित्सा केंद्र पर तैनात कर्मचारी ही हाथ जोड़कर बीच-बीच में लोगों को शारीरिक दूरी का पालन और अपना नंबर आने पर ही आगे आने की अपील कर रहे हैं।