-वैक्सीनेशन जरूरी, खुद के साथ दूसरे को भी करें प्रेरित: डीएम
-जनपद के 163 केंद्रों पर वैक्सीनेशन महाअभियान में 120 प्रतिशत से अधिक हुआ वैैक्सीनेशन
गाजियाबाद। कोरोना वायरस को पूरी तरह से मात देने के उद्देश्य से वैक्सीनेशन को लेकर महाभियान चलाया जा रहा है। जिले के 163 केंद्रों पर मंगलवार को वैक्सीनेशन का महाअभियान चलाया गया। महाअभियान के लिए ही करीब 30 हजार से अधिक लोगों ने ऑनलाइन स्लॉट भी बुक कराया। हालांकि, इस अभियान में ऑन द स्पॉट रजिस्ट्रेशन के बाद वैक्सीनेशन लगाए जाने की भी सुविधा की गई। ताकित अधिक से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन हो सकें। वैक्सीनेशन को बढ़ावा देने और अधिक संख्या में लोगों को टीका लगाए जाने के लिए मंगलवार को जिले में वैक्सीनेशन का महाअभियान चलाया गया। 
इसके लिए जिले में 163 वैक्सीनेशन सेंटर बनाए गए। यह केंद्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, स्कूलों, सरकारी प्रतिष्ठानों, सामुदायिक केंद्रों, मंदिर आदि में बनाए गए हैं। ताकि इनके आसपास रहने वाले लोग टीकाकरण करा सकें। वैक्सीनेशन अभियान में 80 लोगों का टीकाकरण करने लक्ष्य रखा गया। 163 सेंटर्स पर 326 टीमों को लगाया गया है। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने मानसरोवर केंद्र पर पहुंचकर टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। 
डीएम राकेश कुमार सिंह ने कहा महाभियान का संचालन जन जन तक टीकाकरण पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया है। वैक्सिन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। सभी लोग खुद को जागरूक करते हुए कोरोना का टीका जरूर लें। उन्होंने कहा कि लोगों को टीकाकरण केंद्र तक आने जाने में परेशानी नहीं हो इसके कारण नजदीक में वैक्सीनेशन सेंटर बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि खुद तो टीका लगवाए ही दूसरे को भी इसके लिए प्रेरित करें। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि जिले में 159 केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से टीकाकरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सभी व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए गए थे। वैक्सीनेशन महाअभियान में जनपद द्वारा अपने लक्ष्य के सापेक्ष 120 प्रतिशत से अधिक पूर्ति करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। डीएम ने इस सफलता के लिए सभी प्रशासनिक अधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं जिला स्तर अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनके विशेष प्रयास से आज जनपद का नाम रोशन हुआ है। उन्होंने सभी अधिकारियों से आगे भी इसी क्षमता के साथ कोरोना की जंग में कार्यवाही करने की अपील की।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉॅ. नीरज अग्रवाल ने बताया कि नगरीय क्षेत्र में 105 व ग्रामीण क्षेत्र में 58 केंद्र बनाए गए हैं। जिले में विभाग ने क्लस्टर योजना के तहत 130 वैक्सीनेशन सेंटर बनाए थे। इस महाअभियान के लिए 33 सेंटर और बढ़ाए गए थे। वैक्सीन के दुष्प्रभाव नहीं होने के चलते कहीं भी टीकाकरण किया जा सकता है। इसके चलते जिले में धर्मशाला, स्कूल, मंदिर और सामुदायिक भवनों में भी वैक्सीनेशन सेंटर बनाए गए थे। देहात क्षेत्रों में टीकाकरण अधिक हो, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग पिछले कई दिनों से तैयारियों में जुटा था। ग्राम प्रधान, पंचायत सदस्य और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर ग्रामीणों से अपील की गई जिससे वह टीकाकरण करा सकें।
सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर ने बताया कि महाअभियान में नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं जो लगातार भ्रमण कर टीकाकरण अभियान पर नजर रखे हुए हैं। प्रयास है कि तय लक्ष्य के अनुरूप टीकाकरण किया जा सके। वैक्सीनेशन के नोडल अधिकारी डॉ. जीपी मथुरिया ने बताया कि विभाग को 76000 डोज कोविशील्ड व 2500 डोज को-वैक्सीन है। इसके आधार पर 350 टीमों द्वारा 80 हजार लोगों को टीका लगाए जाने की योजना बनाई गई है। जिले में 23 लाख लोगों को टीका लगाया जाना है। अब तक 1471123 लाभार्थियों को टीका लगाया जा चुका है। इसमें 1196651 को पहली डोज लग चुकी, जबकि 274472 को दूसरी डोज लगी। इसके अलावा 18 से 44 आयु वर्ग में 781477 का टीकाकरण हो चुका है। 45 से 60 वाले 442592 को टीका लगा जबकि 60 प्लस वाले 247054 को टीका लगाया गया।















