गाजियाबाद। एक्सप्रेस ग्रीन्स क्लाउड-9 अंसल प्लाजा वाली रोड पर स्ट्रीट लाइट ठीक कराने को लेकर गुरूवार को वार्ड-72 पार्षद मनोज गोयल ने नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर को पत्र भेजा। क्षेत्रीय पार्षद मनोज गोयल ने कहा डाबर के सामने वाली रोड जिस पर अंसल प्लाजा एक्सप्रेस ग्रीन क्लाउड नाइन से होते हुए वैशाली सेक्टर-1 को रोड़ जाती है। यह रोड़ डबल रोड़ है, जिसके बीच में डिवाइडर है।
नगर निगम द्वारा कुछ माह पूर्व 25-25 नए पोल और लाइटों का टेंडर किया गया था। मगर ठेकेदार द्वारा काम नहीं किया जा रहा। जिस कारण सड़क रात को अंधेरे में डूबी जाती है और अंधेरा होने के कारण आए दिन दुर्घटना व लूटटपाट की वारदात होती रहती है। उन्होंने कहा जब तक नया कार्य शुरू नही हो जाता है, तब तक वैकल्पिक रूप से पुराने पोल पर लाइट की व्यवस्था की जाए। ताकि सड़क पर हादसें और अपराधिक वारदातों पर रोक लगाई जा सकें। पार्षद ने बताया कि उक्त कार्य के लिए टेंडर तो पूर्व में ही हो गया था।
मगर ठेकेदार की लापरवाही के चलते कार्य अभी तक शुरू नही किया गया है। जिसका खामियाजा क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ सड़कों पर प्रतिदिन चलने वाले हजारोंं वाहन चालकों को उठाना पड़ता है। उन्होंने नगर आयुक्त से अपील करते हुए कहा कि 50 पोल के टेंडर को भी दोबारा से कराया जाए, जिससे कार्य को जल्द कराया जा सकें।
















