-दावे एवं आपत्तियों का निपटारा करने को डीएम ने दिए निर्देश
गाजियाबाद। आगामी विधान सभा चुनाव के मद्देनजर जनपद में मतदाता सूची को संशोधित करने का काम जोरों पर चल रहा है। 21 दिसंबर तक फाइनल सूची तैयारी हो जाएगी। जिले की सभी 6 विधान सभा सीट पर नए मतदाताओं की संख्या में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। वहीं, नए मतदाताओं की मतदाता सूची में संख्या बढऩे के साथ संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत जमा फार्म पर दावे एवं आपत्तियों का भी 20 दिसंबर तक निस्तारण कर दिया जाएगा। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक श्रीवास्तव को दावे एवं आपत्तियों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। जनपद में संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत 1.29 लाख फार्म भरे गए हैं। इनमें से अभी तक 1.17 लाख फार्म की आपत्तियों का जिला प्रशासन द्वारा निस्तारण किया जा चुका है। शेष फार्म का 20 दिसंबर तक निस्तारण हो जाएगा। ऐसे में जिले की सभी विधान सभा सीटों पर नए मतदाताओं की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है। जिले में मोदीनगर, लोनी, मुरादनगर, शहर गाजियाबाद, साहिबाबाद के अलावा धौलाना आंशिक विधान सभा क्षेत्र हैं। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कराने से पहले नए मतदाताओं के फार्म एवं दावे-आपत्तियों का जल्द निस्तारण करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। अभियान के तहत जमा फार्म में मतदाता सूची में नाम शामिल करने से लेकर नाम काटने ओर स्थान परिवर्तन के शामिल हैं। जिले में आगामी 5 जनवरी-2022 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। जिलाधिकारी के निर्देश पर अब सहायक जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण करने के लिए निर्देश दिए गए हैं ताकि समय से इनका निस्तारण किया जा सके। उधर, डीएम आरके सिंह का कहना है कि 20 दिसंबर तक दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण होने के बाद मतदाताओं की फाइनल सूची तैयार होगी। आपत्तियों का निस्तारण होने के बाद जनवरी में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा।
















