गाजियाबाद। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के आदेश का उल्लंघन करना 3 ईंट भट्टा संचालकों को भारी पड़ गया है। मुरादनगर क्षेत्र में संचालित इन तीनों भट्टों को बंद करा दिया गया है। एसडीएम (सदर) देवेंद्र पाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने अलग-अलग भट्टों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि एनजीटी में विकास सिंह बनाम यूपी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और उत्कृष्ट पंवार बनाम केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में 17 फरवरी को पारित आदेश के अनुपालन में मार्च से लेकर
जून-2021 तक बीच में ईंट भट्टों का संचालन किया जाना है। एनजीटी के आदेश के अनुपालन में नियमों के तहत ईंट भट्टों का संचालन होना है। एनजीटी के आदेश का उल्लंघन रोकने को निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि गांव भिक्कनपुर स्थित बीएस भट्टा चालू पाया गया, मगर इसमें नियमों का उल्लंघन मिला। मौके पर भट्टे की चिमनी में पानी
डालकर उसे बंद कराया गया। इसी प्रकार गांव शमशेर में जीबीएफ मार्का भट्टे पर जेसीबी मशीन से ईंट के पकाने वाले स्थल को तोड़ा गया। ग्राम शमशेर में वाईपीबी ईंट भट्टे पर ईंटों की पकाई के स्थान पर मिट्टी भरवा कर मौके पर उसे भी बंद कराया गया। ईंट भट्टों पर की गई कार्रवाई और तीन भट्टों को बंद कराए जाने के बाद अन्य भट्टा संचालकों ने अपने-अपने भट्टे खुद बंद करा दिए। एसडीएम ने कहा कि नियमों की अवहेलना कर अगर कोई भी भट्टा संचालित होता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
















