सफाई कर्मचारी आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा

– समाज में सम्मान के हकदार है स्वच्छकार: एम. वेंकाटेशन

गाजियाबाद। अध्यक्ष राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग भारत सरकार एम. वेंकाटेशन द्वारा अपने भ्रमण कार्यकम के दौरान गाजियाबाद में स्वच्छकारों को मानकों के अनुरूप उनके सम्मान एवं उनकी समस्याओं का तत्परता के साथ निराकरण कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। बैठक में अध्यक्ष द्वारा सभी विभागों के अधिकारियों के साथ उठाए गये बिंदुओं एवं एजेंडे में उल्लखित बिंदुओं पर चर्चा की गई तथा निर्देश दिया कि स्वच्छकारों द्वारा जो समस्याएं एवं अपनी शिकायतें अवगत कराई गई हैं, उनके संबंध में समस्त संबंधित अधिकारी सकारात्मक रुख अपना कर सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने की कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छकारों की समाज में महत्वपूर्ण भूमिका है, जो स्वयं अभाव में रहकर समाज को स्वच्छता का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि इस कोरोना काल में सर्वाधिक महत्वपूर्ण कार्य अगर डॉक्टरों द्वारा किया गया है। तो उतना ही महत्वपूर्ण योगदान स्वच्छकारों द्वारा समाज के लिए किया गया है। अत: किसी भी प्रकार का भेदभाव समाज एवं वर्ग या व्यक्ति विशेष से उनके प्रति उपेक्षित नहीं किया जा सकता। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से आह्वान किया कि स्वच्छकारों को मौलिक हक एवं सुविधाएं दिलाने में अधिकारियों को अपना संपूर्ण योगदान देना चाहिए। स्वच्छकार समुदाय के लिए स्वास्थ्य, चिकित्सा एवं शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए क्योंकि उनके द्वारा समाज को दिया हुआ उपकर्म का कुछ तो प्रतिफल उन्हें मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छकार समुदाय को उनके काम के अनुरूप मानदेय नहीं मिलता है जो समाज में एक अच्छा संदेश नहीं देता है। इस संबंध में उन्होंने समस्त अधिकारी को निर्देशित कर कहा कि स्वच्छकारों के मान-सम्मान व जीवन में सम्मानजनक स्थिति आ सके, इसके लिए उन्हें अपना सार्थक प्रयास देना होगा। साथ ही सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर स्वच्छकारों के वेतन मानदेय आदि प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कर मानदेय बढ़ाने की दिशा में भी सकारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छकारों के हितार्थ भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा स्वच्छकारों के बीच में इन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराते हुए सभी पात्र लाभार्थियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आगे बढकऱ कार्य करना होगा, जिससे सभी स्वच्छकारों का सम्मान समाज में एवं उनके आर्थिक विकास में सरकार की मंशा के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित हो सकेगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल, पुलिस अधीक्षक नगर, अपर जिलाधिकारी प्रशासन ऋतु सुहास, सचिव जीडीए संतोष कुमार राय, अपर नगर आयुक्त आदि मौजूद रहे।