वीके सिंह ने करंट से मौत का शिकार आश्रितों को सौंपी सहायता राशि

-बच्चों की एजुकेशन और आवास की व्यवस्था कराने का आश्वासन

गाजियाबाद। सिहानी गेट क्षेत्र के राकेश मार्ग गली नंबर-3 में बिजली का तार कटा होने के बाद करंट लगने से तीन बच्ची समेत 5 लोगों की हुई मौत के बाद गुरूवार को मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। गुरूवार को सुबह केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने 2-2 लाख रुपए के चेक सौंपे।

जनरल वीके सिंह ने मृतकों के परिजनों को आश्वस्त किया कि सरकार उनके साथ है। हरसंभव मदद कराई जाएगी। केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने पूरे घटनाक्रम पर जहां गहरा शोक प्रकट किया। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों को उक्त के संबंध में ठोस जांच कर दोषियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दर्दनाक हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार की रात में मृतक आश्रितों को 2-2 लाख रुपए आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। इसी क्रम में गुरूवार की सुबह केंद्रीय मंत्री वीके सिंह,राज्यमंत्री अतुल गर्ग एवं जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह,एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह के अलावा राज्यमंत्री प्रतिनिधि राजेंद्र मित्तल मेंदीवाले,क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मयंक गोयल,पार्षद हिमांशु लव,अनुज मित्तल आदि भाजपाई मौजूद रहे।

वीके सिंह ने पीडि़त परिवारों को जहां सांत्वनाए दी वहीं प्रदेश सरकार की ओर से दो दो लाख रुपए की राहत दिए जाने संबंधी चेक मृतक आश्रितों को सौंपे। वीके सिंह ने कहा कि डीएम राकेश कुमार सिंह के द्वारा सकारात्मक भूमिका अदा की गई है। तत्काल ही शासन को अवगत कराया। इसका नतीजा रहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 2-2 लाख रुपए की सहायता दी गई। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि वह अपने कार्य में किसी तरह की लापरवाही ना बरतें। वीके सिंह ने हिदायत दी कि जिले के किसी भी हिस्से में इस तरह का हादसा न हो सके इसके लिए हर संभव एहतियाती कदम उठाए जाए। यदि किसी बिजली ट्रांसफार्मर आदि के पास किसी व्यक्ति के द्वारा अतिक्रमण किया गया है,तो उसे हटवा जाए। राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने भी पीडि़त परिजनों को अपनी सांत्वनाएं प्रकट की। जिलाधिकारी ने मृतकों के परिजनों से बात करते हुए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।