साहिबाबाद रेलवे स्टेशन के बाहर बेच रहा था हरियाणा की शराब

-आबकारी विभाग की टीम ने दबोचा हरियाणा शराब तस्कर

गाजियाबाद। जिले को अवैध शराब के कारोबार से मुक्त करने के लिए आबकारी विभाग द्वारा चलाई जा रही मुहिम से शराब तस्करों में हड़कंप मचाया हुआ है। शराब तस्करों पर कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग की टीम के साथ अब थाना पुलिस भी अपना सहयोग कर रही है। जिसके परिणाम भी सकारात्मक आ रहे है। आबकारी विभाग की टीम का उद्देश्य जनपद गाजियाबाद को अवैध शराब के कारोबार से मुक्त करना है। भले ही उन्हें किसी अन्य विभाग का सहयोग मिले या फिर न मिले। अपनी कार्रवाई को अंजाम देने के लिए दिन-रात भूलकर आबकारी विभाग की टीम कार्रवाई में जुट जाती है। शराब तस्करों को उनकी सही जगह पहुंचाने के लिए रात्रि अभियान चलाकर शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश एवं चेकिंग की कार्रवाई की जा रही है। आबकारी अधिकारी द्वारा शराब तस्करों की कमर तोड़ने के लिए चलाए गए रात्रि अभियान से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। जो कि दिन में मेहनत-मजदूरी और रात होने हरियाणा शराब की तस्करी करता था। शराब बेचने के लिए तस्कर ने भी एक सुरक्षित और उपयोग स्थान चुना हुआ था।

घर से कुछ दूरी पर साहिबाबाद रेलवे स्टेशन के बाहर खड़े ऑटो-रिक्शा चालकों को रात में लाइसेंसी शराब की दुकान बंद होने के बाद महंगे दामों में बेचता था। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। साथ ही शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश भी दी जा रही है। जिले में चोरी-छिपे अवैध रुप से शराब तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जा रहा है। आबकारी विभाग की कार्रवाई में थाना पुलिस भी अपना सहयोग दे रही है। गुरुवार रात को आबकारी निरीक्षक त्रिवेणी प्रसाद मौर्य और साहिबाबाद थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान साहिबाबाद रेलवे स्टेशन के पास अवैध रूप से शराब तस्करी कर रहे कमल किशोर पुत्र रामपाल सिंह निवासी-41 राजबाग कॉलोनी साहिबाबाद को गिरफ्तार किया गया।

जिसके पास से 30 पव्वे देसी संतरा हरियाणा मार्का शराब बरामद किया गया। पकड़ा गया तस्कर दिन में तो मेहनत मजदूरी का काम करता था और रात होने हरियाणा शराब की तस्करी करता था। शराब तस्करी के लिए वह रोज रात में लाइसेंसी शराब की दुकानें बंद होने के बाद रेलवे स्टेशन के बाहर खड़े ऑटो-ई-रिक्शा चालकों को महंगे दामों में शराब बेचता था। रात भी आरोपी वाहन चालकों को शराब बेच रहा था। जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया शराब तस्करों के खिलाफ आबकारी विभाग की टीमें दिन के साथ रात में भी अभियान चलाकर छापेमारी की कार्रवाई और दबिश दे रही है। साथ ही शराब तस्करी के मामले में जेल से छूटकर आए तस्करों की भी निगरानी की जा रही है। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

कच्ची शराब के कारोबार पर चला आबकारी विभाग का डंडा
शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने कच्ची शराब तस्करों के गढ़ हिंडन खादर क्षेत्र में दबिश देकर अवैध शराब के धंधे का भंडाफोड़ किया है। आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में लहन बरामद किया गया। हिंडन खादर क्षेत्र में लोगों के जीवन से खिलवाड़ करने वाले शराब माफिया के कारोबार पर आबकारी विभाग का डंडा चलना शुरु हो गया है। आबकारी विभाग की टीम उनका धंधा जमने से पहले ही उजाड़ने का काम कर रही है। जैसे ही शराब माफिया इधर शराब की भट्टी जलाकर अवैध शराब का निर्माण करते है तो उसके कुछ देर बाद ही आबकारी विभाग की टीम भट्टी को नष्ट कर देती है। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से शराब माफिया के सारे नेटवर्क ध्वस्त होते नजर आ रहे है। आबकारी विभाग की के नेटवर्क के आगे शराब माफिया के सभी नेटवर्क फेल हो गए है।

जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया शुक्रवार सुबह आबकारी निरीक्षक अनुज वर्मा की टीम द्वारा हिंडन खादर क्षेत्र टीला मोड़ के अंतर्गत जावली, थाना मुरादनगर के अंतर्गत शमशेरपुर, मथुरापुर क्षेत्रों पर दबिश दी गई। दबिश के दौरान करीब  500 किलोग्राम लहन बरामद किया गया। आबकारी विभाग की टीम ने बरामद लहन को मौके पर नष्ट कर दिया। शराब तस्करों ने लहन से भरे ड्रमों को जंगल किनारे दूब क्षेत्र में झाडिय़ों के बीच छिपाया हुआ था। जिससे आबकारी विभाग की टीम जब दबिश दे तो ड्रम बरामद न हो सकें। लेकिन आबकारी विभाग की टीम ने छिपाकर रखें तीन ड्रमों को खोज कर बरामद लहन को नष्ट कर दिया। आबकारी विभाग की टीम शराब माफिया के इरादों पर पानी फेरने का काम कर रही है। शराब तैयार होने से पहले ही टीम ने शराब माफिया के नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया हिंडन खादर क्षेत्र में होने वाले कच्ची शराब के निर्माण को रोकने और शराब तस्करों पर कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है और आगे भी करती रहेगी।