भगवान राम में समूचे भारत की आस्था: स्वतंत्र देव सिंह

-भाजपा का प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन आयोजित

गाजियाबाद। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि समूचे भारत की भगवान राम में आस्था है। भारत के कण-कण में राम हैं। उन्होंने कहा कि योगी राज में उत्तर प्रदेश को भ्रष्टाचार और अपराधों से मुक्ति मिली है। स्वतंत्र देव सिंह ने सपा और कांग्रेस पर तीखी हमला किया। कृष्णा इंजीनियिरिंग कॉलेज मोहन नगर में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा देश बनाने की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि सपा ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई। यह गोलियां भारत की संस्कृति एवं राष्ट्रवाद की विचारधारा पर चली थीं। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि आजादी के बाद बनी कांग्रेस सरकार ने राम के अस्तित्व को नकार दिया। कांग्रेस सरकार के दौरान सोनिया गांधी ने रामसेतु को नहीं माना। आजादी के बाद शंकराचार्य की गिरफ्तारी हुई। यह सब वोट बैंक के कारण होता है। इसी कारण से अभी कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने व तेरहवीं संस्कार से भी सपा का कोई नेता नहीं गया। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जब कश्मीर जा रहे थे तो लोगों ने उन्हें रोका था। कश्मीर पहुंचने पर उनकी गिरफ्तारी हुई और शहादत भी हुई। इसके बाद जिम्मेदारी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के कंधों पर आई। उनकी हत्या हो गई। अटल जी ने वर्ष-1980 में भाजपा की नींव रखी तथा इसके बाद चुनाव में पार्टी की दो सीटें आई तो उन्होंने कहा कि अंधेरा छटेगा, कमल खिलेगा।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अपराध व भ्रष्टाचार मुक्त हो गया है। अब अगर कोई गरीब की झोपड़ी पर कब्जा करने का प्रयास करता है तो उसके घर पर बुलडोजर चलता है। जेल में रहने वाले गुंडे भी अब डरते है। यूपी में अब साम्प्रदायिक दंगे नहीं होते। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साढ़े चार साल में एक भी छुट्टी नहीं ली। यहां तक की पिता के देहांत पर भी नहीं गए। उनकी तप, तपस्या के कारण ही प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ। सम्मेलन को क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि राम मंदिर के मुद्दे पर विपक्षी हमारे खिलाफ दुष्प्रचार किया करते थे। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब अयोध्या में मंदिर का भूमि पूजन कर रहे थे तो एक भी पत्ता नहीं हिला। सरकार अगर हिन्दू को मकान देती है तो मुस्लिम को भी। हम दोनों मिलकर इस देश का विकास करें। दंगे की बात नहीं सौहार्द की बात करें। सम्मेलन की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मुनीष त्यागी तथा संचालन महानगर मंत्री संजीव झा ने किया। महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, महापौर आशा शर्मा,विधायक सुनील शर्मा, रानी गर्ग, चेयरमैन रीना भाटी, गोपाल अग्रवाल, सुशील गौतम, राजेश त्यागी, जेपी सिंह, शैलेंद्र त्यागी, बलराम, वीके राव, हेमंत शर्मा, आदित्य गुप्ता, मीडिया प्रभारी अश्वनी शर्मा, कर्ण, राजेश चौधरी, जेके तेवतिया, युवराज शर्मा आदि मौजूद रहे। इससे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के आगमन पर भाजपा महानगर इकाई ने महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा के नेतृत्व में स्वागत किया। आनंद विहार बॉर्डर पर पैसेफिक मॉल के पास स्वागत कार्यक्रम में स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश की सरकार की नीतियों के कारण जनता में उत्साह का वातावरण है। हम न वोट बैंक की राजनीति करते हैं और न ही मुस्लिम तुष्टीकरण की। हम देश बनाने की राजनीति करते हैं।