मिलेगी सुविधा : नगर निगम में महिला हेल्प डेस्क शुरू

गांधी एवं शास्त्री जयंती महोत्सव भी मनाया गया

गाजियाबाद। नगर निगम मुख्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती महोत्सव मनाया गया। इस दौरान मेयर आशा शर्मा व नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के अलावा पार्षदों तथा नगर निगम के अधिकारियों ने बारी-बारी से महापुरुषों की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान वरिष्ठ पार्षदों द्वारा शहर को स्वच्छ बनाने के लिए कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों से अपील की गई।

मेयर आशा शर्मा ने स्वास्थ्य कर्मचारियों को नमन किया। साथ उनके द्वारा शहर में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्हें नगर निगम का महत्वपूर्ण हिस्सा बताकर उनका मनोबल बढ़ाया। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने राष्ट्रीय पर्व पर कार्यक्रम में उपस्थित पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी तथा स्वास्थ्य कर्मचारियों को उत्साहित कर शहर को साफ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गंदगी न करना भी साफ करना है। इस प्रकार का मूल मंत्र शहरवासियों को दिया गया। मिशन शक्ति के अंतर्गत गांधी जयंती के अवसर पर मेयर की अध्यक्षता में नगरायुक्त द्वारा महिला हेल्प डेस्क का उद्घाटन कराया गया।

महिला हेल्प डेस्क गाजियाबाद नगर निगम मुख्यालय में स्थापित की गई है। मेयर आशा शर्मा ने विधिवत फीता काटकर महिला हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया। कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा को महिला हेल्प डेस्क का नोडल प्रभारी बनाया गया है। गांधी जयंती महोत्सव के दौरान अंत में शपथ ली गई कि प्रतिवर्ष 100 घंटे श्रमदान कर शहर को साफ करने का कार्य किया जाएगा और साथ ही यही मूल मंत्र सफाई का अन्य लोगों को भी दिलाएंगे, जिससे शहर में सफाई के प्रति जागरूकता आएगी और शहर स्वच्छ और सुंदर बनेगा। सभी प्रतिभागियों द्वारा शपथ ली गई। साथ ही अपने आस-पास के लोगों को भी शपथ दिलाने के लिए प्रण किया गया।