कान्हा के संग खेलेंगे होली गीत पर थिरकीं महिलाएं

गाजियाबाद। केसरिया हिन्दुस्थान निर्माण संघ के तत्वावधान में रविवार को होली मंगल मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ब्रज के कलाकारों ने मथुरा-बरसाने वाली राधा-कृष्ण की होली के लोकगीतों पर नृत्य कर सभी का मन मोह लिया। राधा-कृष्ण बने कलाकारों ने बरसाने की लठामार होली, मथुरा व वृंदावन की कुंज गलियों की होली का सजीव चित्रण प्रस्तुत किए। सदस्यों ने भी लोकगीतों पर नृत्य कर आनंद लिया। कलाकारों ने कान्हा संग खेलेंगे होली गीत सहित जमुना गहरी गीत पर जमकर सभा की महिलाओं ने नृत्य कर समा बांधा। इसी बीच एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी गई। मंच का संचालन वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा नेता सौरभ जायसवाल ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से ग्वालियर से आए संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री अमित श्रीवास्तव ने संगठन के विस्तार संगठन की नीतियां एवं हिंदू समाज को जागरूक करने पर जोर दिया। अमिता भार्गव राष्ट्रीय सचिव, संदीप गुप्ता प्रदेश उपाध्यक्ष ने भी कार्यक्रम में आए हुए सभी लोगों को होली के पावन पर्व की शुभकामनाएं दी और आगे संगठन विस्तार के लिए जिला अध्यक्ष अजय पाठक को भी शुभकामनाएं दी। जिलाध्यक्ष अजय पाठक ने कहा होली पर्व ब्रज का विशेष पर्व है। यह पर्व आपसी भाईचारा व प्यार बढ़ाता है। इस पर्व पर हर व्यक्ति को मन के अंदर के बैर को निकाल कर एक-दूसरे को गले लगाना चाहिए। पंडित महेश चंद्र वशिष्ठ द्वारा आशीर्वचन दिए गए। गुरुकुल दयानंद आश्रम से आए 25 बच्चों द्वारा योग का सुंदर कार्यक्रम किया गया। इस दौरान रूबी अग्रवाल, विष्णु दीप गर्ग, राकेश मित्तल, अतुल आनंद गुप्ता, आलोक गुप्ता, राजेश अग्रवाल, विपिन सिंघल, अमित गोयल, अमित सिंघल, प्रदीप गर्ग, चंपा माहौर, राजीव पाठक, मनीषा शर्मा, सौरभ शर्मा, दीपेंद्र गुप्ता, सुषमा सिंह आदि उपस्थित रहे।