इंदिरापुरम में युवक की हत्या, सीने में कैंची घोंपा, पालतू कुत्ते को लेकर हुआ था विवाद

इंदिरापुरम क्षेत्र की घटना, हमलावर फरार

गाजियाबाद। पालतु कुत्ते द्वारा काटने पर उभरने विवाद ने खूनी रंग ले लिया। विवाद में कैंची से हमला कर युवक की हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फरार हत्यारोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की हाउसिंग सोसाइटी में आए दिन कुत्तों को लेकर कोई न कोई विवाद होता रहता है। ताजा घटनाक्रम से पुलिस भी स्तब्ध है।

पुलिस के मुताबिक शक्ति खंड-2 निवासी छत्रपाल कुत्ता पाल रखा है। वहां युवक मुस्तकीम भी रह रहा था। आरोप है कि मुस्तकीम के वहां से गुजरने पर कुत्ता अक्सर भोंकने लगता था। कुछ दिन पहले पालतु कुत्ते ने मुस्तकीम को पर हमला कर दिया था। इसके बाद मुस्तकीम ने कुत्ते की जमकर पिटाई कर दी थी। इस बात पर दोनों पक्ष में विवाद हो गया। पुलिस का कहना है कि रविवार की देर रात पुन: छत्रपाल और मुस्तकीम में विवाद हो गया था।

इस दौरान मुस्तकीम ने छत्रपाल पर ब्लेड से प्रहार कर दिया। जवाब में छत्रपाल ने मुस्तकीम पर कैंची से हमला बोल दिया। गंभीर रूप से घायल मुस्तकीम को अस्पताल ले जाया गया। इस बीच उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार छत्रपाल की तलाश की जा रही है। उधर, एसपी (द्वितीय) ज्ञानेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।