भाजपा नेता एवं पूर्व पार्षद का निधन, आज होगा अंतिम संस्कार – BJP Councilor

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। भाजपा नेता एवं पूर्व पार्षद मुकेश त्यागी का आज रविवार देर रात निधन हो गया। अंतिम संस्कार सोमवार सुबह 9 बजे हिंडन मोक्षस्थली पर होगा। पूर्व BJP Councilor के निधन पर राजनैतिक दलों से जुड़े लोगों के अलावा समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने दुख व्यक्त किया। भाजपा नेताओं ने मुकेश त्यागी को पार्टी का सच्चा सिपाही बताते हुए इसे पार्टी के लिए क्षति बताया। गाजियाबाद नगर निगम के पार्षदों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पूर्व पार्षद के निधन पर शोक जताया है। विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म एवं वाट्स अप ग्रुप पर लोगों ने मुकेश त्यागी के निधन पर शोक जताते हुए संदेश भेजे।
नगर निगम के Ex. Councilor एवं मुकेश त्यागी के करीबी मित्र हिमांशु मित्तल ने मुकेश त्यागी के निधन की जानकारी देते हुए बताया कि रविवार रात हमारे वरिष्ठ साथी एवं पूर्व पार्षद हम सभी को छोड़कर गोलोक धाम चले गये। अंतिम संस्कार सोमवार सुबह 9 बजे हिंडन तट स्थित मोक्षस्थली पर होगा। भगवान उनको अपने श्री चरणों में उत्तम स्थान दें। हिमांशु मित्तल के लिए यह काफी दुखद क्षण है। बीते 28 जून को उनके छोटे भाई अमित मित्तल का आकस्मिक निधन हो गया था और अब उनके करीबी मित्र के निधन का समाचार मिला। भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मान सिंह गोस्वामी ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा परिवार के सदस्य का निधन हम सभी के लिए दुख की बात है। मुकेश त्यागी पार्टी से लंबे समय से जुड़े रहे और नगर निगम पार्षद के रूप में शहर के लिए काफी काम किया। विदित हो कि मुकेश त्यागी को गाजियाबाद नगर निगम के सबसे पुराने पार्षदों में से एक माना जाता है और उन्होंने शहर के विकास को लेकर उन्होंने काफी काम किया। अधिकारी वर्ग भी मुकेश त्यागी का काफी सम्मान करते थे। उदय भूमि परिवार दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता है।