पुलिस को सफलता : बब्बर खालसा के 2 आतंकी गिरफ्तार

-दिल्ली-पंजाब के कुछ दिग्गज नेता थे निशाने पर

उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने बब्बर खालसा इंटरनेशनल के 2 हथियारबंद आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इस दरम्यान गोलीबारी होने की भी खबर है। आतंकियों के कब्जे से 6 पिस्टल और 40 कारतूस बरामद किए गए हैं। दोनों से सघन पूछताछ चल रही है। पुलिस के मुताबिक भूपेंद्र उर्फ दिलावर सिंह और कुलवंत सिंह निवासी लुधियाना (पंजाब) को दबोचा गया है। दोनों आतंकी बब्बर खालसा इंटरनेशनल से ताल्लुकात रखते हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से 6 पिस्टल और 40 कारतूस मिले हैं। इन दोनों पर पंजाब में भी कुछ मामले दर्ज हैं। पुलिस पूछताछ में मालूम पड़ा है कि इन आतंकियों के निशाने पर दिल्ली और पंजाब के कुछ बड़े नेता थे। मौका पाकर वह इन नेताओं को निशाना बनाने की फिराक में थे। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल आतंकी भूपेंद्र और कुलवंत से सघन पूछताछ कर रही है। दोनों की गिरफ्तारी के समय गोलीबारी होने की भी जानकारी मिली है। बब्बर खालसा इंटरनेशनल हमेशा भारत विरोधी साजिश में मशगूल रहता है। इस संगठन के आका पाकिस्तान में हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों आतंकियों के नेटवर्क के विषय में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द कुछ और राज सामने आने की संभावना है। बता दें कि पिछले माह राजस्थान के बाढ़मेर की एक अदालत ने 9 हथियार तस्करों और बब्बर खालसा के आतंकी को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। इन सभी पर साल 2009 में पाकिस्तान से हथियार स्मगल करने का आरोप था।