आंखें नम : सिंगर बालासुब्रमण्यम का अंतिम संस्कार

परिवार और फैंस को रूला गए गीतों के जादूगर

मुंबई। मशहूर सिंगर एसपी बालासुब्रमण्यम का शनिवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। गमगीन माहौल में नम आंखों से परिवार और प्रशंसकों ने उन्हें विदाई दी। अंतिम संस्कार की सभी रस्में बालासुब्रमण्यम के बेटे एसपी चरण ने पूरी की। अंतिम संस्कार के दौरान वहां मौजूद परिवार के सदस्यों की आंखें नम हो गईं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सिंगर बालासुब्रमण्यम के निधन पर शोक व्यक्त किया था। 74 वर्षीय बालासुब्रमण्यम का लंबी बीमारी के बाद शुक्रवार को चेन्नई के निजी अस्पताल में निधन हो गया था। शुक्रवार की रात उनका पार्थिव शरीर चेन्नई के बाहर रेड हिल्स पर स्थित उनके फार्म हाउस पर पहुंचा। ऐसे में वहां नागरिकों की भीड़ जुट गई। कोरोना वायरस के कारण पाबंदियों के बावजूद वहां बड़ी संख्या में बालासुब्रमण्यम के प्रशंसक एकत्रित हुए। द्रमुक प्रमुख एमके स्टालिन के बेटे एवं पार्टी की युवा इकाई के नेता उदयनिधि स्टालिन सहित कई नेता उनके आवास पर पहुंचे। शनिवार को राजकीय सम्मान के साथ बालासुब्रमण्यम का अंतिम संस्कार कर दिया गया। उधर, एसपी बालासुब्रमण्यम के अंतिम संस्कार के मौके पर पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। भीड़ को काबू करने के लिए 500 कर्मियों के अलावा यातायात पुलिस टीम को भी सतर्क किया गया था। बालासुब्रमण्यम नेल्लूर के तेलुगू परिवार में जन्मे थे। उनके पिता एस.पी. सम्बामूर्ति हरिकथा कलाकार थे। बालासुब्रमण्यम प्लेबैक सिंगर के अलावा संगीत निदेशक, एक्टर, डबिंग आर्टिस्ट और फिल्म प्रोड्यूसर भी रहे थे। उनके परिवार में पत्नी सावित्री और 2 बच्चे हैं। पिता के निधन से बेटी पल्लवी और बेटा एसपी चरण शोकाकुल हैं। 1966 में बालासुब्रमण्यम को फिल्मों में गाने के लिए पहला ब्रेक मिला था। इसके बाद उन्होंने पीछे मूड़कर नहीं देखा। हिंदी फिल्मों के लिए भी उन्होंने कई प्रसिद्ध गीत गाए थे।