माता वैष्णो देवी के दर पर हादसा, भगदड़ में 12 श्रद्धालुओं की मौत

घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश, पत्थर गिरने की अफवाह बनी कारण

जम्मू। नववर्ष पर जम्मू-कश्मीर से बेहद दुखद खबर सामने आई है। देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र माता वैष्णो देवी मंदिर में शनिवार की सुबह पत्थर गिरने की अफवाह से एकाएक भगदड़ मच गई। भगदड़ में 12 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। दर्जनभर से ज्यादा श्रद्धालु घायल हैं। इसके चलते काफी देर तक कोहराम मचा रहा। हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट किया है। जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिया है। जम्मू से लगभग 50 किलोमीटर दूर त्रिकुटा पहाड़ियों पर माता वैष्णो देवी मंदिर है। मंदिर के गर्भगृह के बाहर गेट नंबर-3 के पास यह घटना घटी। नववर्ष पर मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की खासी भीड़ जुटी थी। बताया गया है कि इस बीच पत्थर गिरने की अफवाह से भगदड़ मच गई। भगदड़ में गिरने और दबने से 12 श्रद्धालुओं की जान चली गई। जबकि दर्जनभर से ज्यादा श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को आनन-फानन में नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिए हैं। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर 01991-234804 या 01991-234053 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा पीसीआर कटरा के हेल्पलाइन नंबर- 01991232010 या 9419145182, पीसीआर रियासी के हेल्पलाइन नंबर- 0199145076 या 9622856295 और डीसी कार्यालय रियासी कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर- 01991245763 या 9419839557 पर भी संपर्क कर हादसे की बावत कोई जानकारी ली जा सकती है। 12 में से 8 मृतकों की शिनाख्त हो गई है। इनमें धीरज कुमार (26) पुत्र तरलोक कुमार निवासी नौशेरा राजौरी, श्वेता सिंह (35) पत्नी विक्रांत सिंह निवासी उत्तर प्रदेश, विनय कुमार (24) पुत्र महेश चंदर निवासी दिल्ली। सोनू पांडे (24) पुत्र नरेंदर पांडे निवासी दिल्ली, ममता (38) पत्नी सुरेंदर निवासी हरियाणा, धर्मवीर सिंह (35) निवासी यूपी, वनीत कुमार (38) पुत्र विरामपाल सिंह निवासी यूपी, डॉ. अरुण प्रताप सिंह (30) पुत्र सत प्रकाश सिंह निवासी यूपी शामिल हैं। उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने घटना पर गहरा दुख जताया है।