आक्रामक रूस ने तेज की जंग, यूक्रेन में परमाणु ऊर्जा केंद्र पर हमला

नई दिल्ली। यूक्रेन और रूस के बीच टकराव निरंतर बढ़ रहा है। पिछले 9 दिन से जारी जंग अब खतरनाक रूप लेती दिखाई दे रही है। इससे समूची दुनिया की चिंता बढ़ गई है। तीसरे विश्व युद्ध की आशंका ने छोटे-बड़े सभी मूल्कों की नींद उड़ा रखी है। आक्रामक रूस कतई पीछे हटने को तैयार नहीं है। रूस ने शुक्रवार की सुबह यूक्रेन के एनरहोदर शहर पर हमला कर दिया। न्यूज एजेंसी एपी ने यूक्रेनी अधिकारी के हवाले से दावा किया है कि रूसी हमले के बाद यूरोप के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा केंद्र से धुआं उठता दिखाई दे रहा है।

शक्तिशाली रूस निरंतर यूक्रेन को तबाह करने पर आमादा नजर आ रहा है। दोनों तरफ से जान-माल का भारी नुकसान हो रहा है। इस बीच खबर है कि यूक्रेन में जेपोरीजिया प्रांत के एनरहोदर शहर में रूस ने बड़ा हमला किया है। यूक्रेन के अधिकारी का दावा है कि इस हमले के बाद जेपोरीजिया स्थित यूरोप के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा केंद्र से धुएं के गुबार उठते दिखाई दे रहे हैं। यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने आग लगने के बाद रूसी सैनिकों से यूरोप के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर हमला बंद करने का आह्वान किया।

कुलेबा ने ट्वीट किया कि यदि यह परमाणु केंद्र उड़ा तो यह चोरनोबिल से 10 गुना बड़ा ब्लास्ट होगा! रूसियों को तुरंत आग बंद करनी चाहिए। रूस ने यूक्रेन के एनरहोदर शहर पर हमला किया है। यूक्रेन में जेपोरीजिया के उत्तर पश्चिमी भाग में एनरहोदर एक शहर और नगर पालिका है। दरअसल जेपोरीजिया से एनरहोदर कुछ ही दूरी पर स्थित है। सनद रहे कि यूक्रेन में जेपोरीजिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र में 6 रिएक्टर हैं, जो पूरे यूरोप में सबसे बड़ा और पृथ्वी पर 9वां सबसे बड़ा रिएक्टर माना जाता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रूस वर्तमान में इस पर मोर्टार और आरपीजी से हमला कर रहा है। ऊर्जा केंद्र के कुछ हिस्सों में फिलहाल आग लगी हुई है। आरोप है कि रूसी सैनिकों ने दमकल कर्मियों पर भी फायरिंग की।