भड़ास : पूर्व मंत्री का गांधी परिवार पर तीखा हमला

कांग्रेस की हालत के लिए सोनिया, राहुल व प्रियंका को बताया कसूरवार

जयपुर। मुश्किलों में घिरी कांग्रेस में आपसी कलह थम नहीं रही है। गांधी परिवार के खिलाफ आवाजें उठना अब आम बात हो गई है। इसी कड़ी में पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह ने अपनी भड़ास निकाली है। पूर्व मंत्री सिंह ने कांग्रेस की खराब हालत के लिए सोनिया, राहुल और प्रियंका को सीधे तौर पर कसूरवार ठहराया है। उन्होंने गांधी परिवार पर जमकर जुबानी हमला बोला है। पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह ने कहा है कि कांग्रेस में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के अलावा कोई नेता नजर आता है। कोई इनके खिलाफ आवाज उठाता है। कोई आवाज उठाता है तो बताओ।

कार्यसमिति की बैठक में कोई नहीं बोलता। उन्होंने कहा कि कपिल सिब्बल और गुलाम नबी बोल गए, मगर उसका कोई असर नहीं होगा। पूर्व मंत्री ने कहा कि वर्तमान में देश और लोकतंत्र को मजबूत कांग्रेस की आवश्यकता है। दरअसल कांग्रेस के पूर्व नेता नटवर सिंह से हाल ही में पंजाब में आए बदलाव पर सवाल पूछा गया था। पंजाब के घटनाक्रम पर उन्होंने दुख जाहिर किया। पूर्व मंत्री ने कहा कि पंजाब में जो कुछ हुआ, वह नहीं होना चाहिए था। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि देश को इस वक्त मजबूत विपक्ष की जरूरत है, मगर कांग्रेस कुछ नहीं कर रही है।

उन्होंने राहुल गांधी पर तीखा हमला किया। कहा कि जिनके पास पार्टी में कोई पद नहीं है, उन्होंने कैप्टन अमरिंदर को हटाने का फैसला किया। उन्हें हटाकर वह किसे लाते हैं नवजोत सिंह सिद्धू को। नटवर सिंह का बयान ऐसे वक्त पर आया है, जब पंंजाब विधान सभा चुनाव से ऐन पहले राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने ऐलान किया है कि वह कांग्रेस छोड़ देंगे। कैप्टन अमरिंदर की इस घोषणा से कांग्रेस की बेचैनी बढ़ गई है। पूर्व सीएम अमरिंदर सिंह ने अपने ट्विटर बायो से कांग्रेस भी हटा लिया है।