हिंदुओं की हत्याओं पर आक्रोश : बांग्लादेश के खिलाफ 150 देशों में उठी आवाज

कोलकाता के इस्कॉन मंदिर में भी प्रदर्शन

ढाका। बांग्लादेश में हिंदुओं और मंदिरों पर हमले का दुनियाभर में विरोध तेज हो गया है। लगभग डेढ़ सौ देशों में इस्कॉन मंदिरों में बांग्लादेश के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किए गए हैं। शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान नागरिकों ने भजन-कीर्तन किए। कोलकाता में भी 12 घंटे तक प्रोटेस्ट शुरू किया गया है। बांग्लादेश में कुछ दिन पहले कट्टरपंथियों नो हिंदुओं और मंदिरों को निशाना बनाया था। आज पूरी दुनिया में बांग्लादेश की आलोचना हो रही है। बांग्लादेश के खिलाफ शनिवार को लगभग डेढ़ सौ देशों में इस्कॉन मंदिरों में शांतिपूर्ण तरीके से विरोध-प्रदर्शन किया जा रहा है।

प्रदर्शनकारी भजन-कीर्तन कर बांग्लादेशी में पीड़ित हिंदुओं के लिए कामना कर रहे हैं। अमेरिका, रूस, ऑस्ट्रेलिया और भारत सहित विभिन्न देशों में यह प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश में हिंदू समुदाय की सुरक्षा की पुरजोर मांग की है। बता दें कि बांग्लादेश में 17 हिंदू मंदिरों पर हमला किया गया है। यह हमले पिछले कई साल से किए जा रहे हैं। बांग्लादेश के इस्कॉन मंदिर में भीड़ ने तोड़-फोड़ की थी। इसके अलावा दुर्गा पंडाल में भी उत्पात मचाकर श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की गई। हमले में 6 नागरिकों की मौत हो गई थी। इन हमलों से हिंदू समुदाय दहशत में है।

पश्चिम बंगाल में कोलकाता के इस्कॉन मंदिर में भी प्रदर्शन किया गया। बांग्लादेश में मारे गए अल्पसंख्यक समुदाय के नागरिकों की फोटो के समक्ष मोमबत्ती जलाकर और फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। दुनियाभर में इस्कॉन के 700 मंदिरों में प्रदर्शन किए गए हैं। उधर, कोलकाता के इस्कॉन मंदिर के प्रवत्ता राधा रमण दास का कहना है कि प्रदर्शन टोक्यो से शुरू होकर टोरंटो तक चलेगा। कोलकाता में 12 घंटे तक प्रदर्शन होगा।