गेहूं क्रय केन्द्र पर तोल न होने से नाराज किसानों ने किया हंगामा

मोदीनगर। कस्बा निवाड़ी स्थित गेहूं क्रय केन्द्र पर तोल न होने से नाराज किसानों ने जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची डिप्टी आरएमओ का भी किसानों के गुस्से का सामना करना पड़ा घेराव किया।
कस्बा निवाड़ी स्थित क्रय केंद्र पर गेहूं तुलवाने के लिए किसान रविवार रात से ही लाइन में लगने शुरू हो गए। इसके चलते केंद्र पर ट्रेक्टर ट्रॉलियों की लंबी लाइन लग गई। पूरी रात इंतजार करने के बाद केन्द्र पर सोमवार सुबह दस बजे से तौल शुरू हुई। कुछ किसानों के गेहूं लेने के बाद तोल बंद कर दी गई। जब किसानों ने तोल बंद होने का कारण पूछा तो केन्द्र प्रभारी सुबोध कुमार ने बारदाना खत्म होने की बात कही। इस बात से नाराज किसानों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। किसानों का आरोप है कि केन्द्र प्रभारी अपने चहेते किसानों के ही गेहूं ले रहा है। हंगामा की सूचना पर निवाड़ी केन्द्र पर पहुंची डिप्टी आरएमओ रोली सिंह का भी किसानों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। उन्होंने किसानों को समझा बुझाकर शांत किया। डिप्टी आरएमओ रोली सिंह ने बताया कि केन्द्र पर सिर्फ एक दिन तीन सौ कुंतल गेहूं की खरीद की जा सकती है। बारदाना की व्यवस्था की जा रही है। किसानों को किसी प्रकार कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होने बताया कि कोरोना संक्रमण देखते हुए केन्द्र पर टोकन व्यवस्था लागू कर दी गई।