-शांतिपूर्ण तरीके कराया जाएगा त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: डीएम
-युद्ध स्तर पर तैयारियां पूरी करने में जुटा प्रशासन
गाजियाबाद। जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने युद्ध स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी थीं। शासन ने शुक्रवार को पंचायत निर्वाचन तिथियों की घोषणा के साथ आदर्श आचार संहिता लागू कर दी। शासन की अधिसूचना जारी होने के बाद जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने जनपद में पंचायत निर्वाचन प्रथम चरण में होने का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया। उन्होंने चुनाव के संबंध में विस्तार से समीक्षा की। समीक्षा उपरांत वरिष्ठ अधिकारियों को चुनाव सकुशल संपन्न कराने हेतु आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गयी। पंचायत चुनाव में कार्मिक व्यवस्था एवं प्रशिक्षण दिलाए जाने की व्यवस्था मुख्य विकास अधिकारी को सौंपी गई है। यातायात/ईंधन एवं रूट चार्ट से संबंधित व्यवस्था का दायित्व अपर जिलाधिकारी (भू.अ.) गाजियाबाद को सौंपा गया है। चुनाव में लगे कार्मिकों के खान-पान की व्यवस्था की जिम्मेदारी जिला आपूर्ति अधिकारी को दी गई है।
लेखन सामग्री/प्रपत्र मतदान/मतगणना सामग्री की व्यवस्था सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता को दी गई है। मतपत्र व्यवस्था का दायित्व जिला विकास अधिकारी को सौंपा गया है। इसी प्रकार मतदाता सूची से संबंधित कार्य के लिए समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ जिलाधिकारी द्वारा आदर्श आचार संहिता को लागू करने एवं शांति व्यवस्था, मतगणना, कम्युनिकेशन, डिस्ट्रिक्ट इलेक्शन प्लान, स्टांग रूम व्यवस्था, मतदाता स्थल निर्माण, संवेदनशीलता निर्धारण एवं मतगणना स्थल का निर्धारण व शिकायत का कार्य अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को सौंपा है। इनके साथ पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) को भी लगाया गया है। विकास खंड स्तर एवं जिला स्तर पर बैरिकेटिंग, प्रकाश, कुर्सी-मेज, फर्नीचर, जनरेटर, ध्वनि विस्तारक यंत्र आदि की व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित तहसीलों के उप-जिलाधिकारियों को सौंपी गई है। प्रेक्षक/वीआईपी व्यवस्था/वीडियोग्राफी/सीसीटीवी/नेट कनेक्टिविटी व्यवस्था का दायित्व अपर जिलाधिकारी (नगर) को सौंपा गया है। इसके अतिरिक्त विकास भवन में कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है, जिसका वरिष्ठ प्रभार नगर मजिस्टे्रट को सौंपा गया है। मतपेटिकाओं की व्यवस्था की जिम्मेदारी बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी गाजियाबाद को सौंपी गयी है। मतदान पार्टियों का प्रस्थान, उनकी वापसी एवं सील्ड मतपेटिकाओं को स्टांग रूम में जमा कराना एवं मतगणना की संपूर्ण व्यवस्था संबंधित उप-जिलाधिकारियों को कराने के निर्देश दिए गए हंै। निर्वाचन व्यय लेखा परीक्षण/यात्रा भत्ता एवं मानदेय भुगतान की जिम्मेदारी मुख्य कोषाधिकारी को सौंपी गयी है एवं चिकित्सा व्यवस्था का दायित्व मुख्य चिकित्साधिकारी को सौंपा गया है।
















