उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शिक्षा जगत में उत्कृष्ट योगदान के लिए आईटीएस- द एजुकेशन ग्रुप के वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा को ‘सेलिब्रिटी बिजनेस अवार्ड-2025’ से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार 16 मार्च 2025 को नई दिल्ली स्थित होटल ली मेरिडियन में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन एमएस टॉक्स इवेंट्स द्वारा किया गया था। पुरस्कार समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री मन्नारा चोपड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इसके अलावा, देश के व्यवसाय और शिक्षा जगत की प्रतिष्ठित हस्तियां भी इस अवसर पर मौजूद रहीं।
शिक्षा के क्षेत्र में अर्पित चड्ढा का महत्वपूर्ण योगदान
अर्पित चड्ढा के कुशल नेतृत्व और दूरदर्शी सोच के चलते आईटीएस- द एजुकेशन ग्रुप ने शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। उनके मार्गदर्शन में संस्थान ने छात्रों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं प्रदान कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी एक अलग पहचान बनाई है। आईटीएस परिवार के लिए यह गौरवपूर्ण उपलब्धि है कि अर्पित चड्ढा को इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया। पूरे आईटीएस परिवार ने उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके नेतृत्व में संस्थान की निरंतर प्रगति की कामना की।
आईटीएस- द एजुकेशन ग्रुप की निरंतर प्रगति
अर्पित चड्ढा के नेतृत्व में आईटीएस- द एजुकेशन ग्रुप के अंतर्गत वर्तमान में:
-5 परिसर एवं 10 शैक्षणिक संस्थान कार्यरत हैं।
-2 मल्टी-स्पेशियलिटी हॉस्पिटल संचालित किए जा रहे हैं।
-सीबीएसई मान्यता प्राप्त विद्यालय समाज के वंचित एवं गरीब परिवारों की बच्चियों के लिए संचालित किया जा रहा है।
-गाजियाबाद कारागार में कैदियों के लिए डेंटल केयर केंद्र स्थापित किया गया है।
-अवयस्क कैदियों के सुधार और रोजगारपरक प्रशिक्षण के लिए कंप्यूटर लैब का निर्माण किया गया है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनी पहचान
अर्पित चड्ढा की दूरदर्शिता और शिक्षा क्षेत्र में नवाचार को आत्मसात करने की सोच ने आईटीएस- द एजुकेशन ग्रुप को न केवल भारत में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान दिलाई है। उनके मार्गदर्शन में संस्था ने आधारभूत ढांचे, प्रशिक्षण, और पाठ्यक्रम में समयानुसार बदलाव कर शिक्षा जगत में अपनी साख मजबूत की है। यह सम्मान अर्पित चड्ढा के शिक्षा क्षेत्र में किए गए योगदान की सराहना है और आईटीएस- द एजुकेशन ग्रुप की निरंतर प्रगति का प्रतीक है।
















