खालिस्तानी संगठन सिख फॉर जस्टिस के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

नई दिल्ली। खालिस्तानी संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ के खिलाफ केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। इस संगठन से जुड़े ऐप्स, वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट को एकाएक ब्लॉक कर दिया गया है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने यह कार्रवाई की है। इससे खालिस्तानी संगठन को बड़ा धक्का लगा है। पंजाब का माहौल खराब करने की नीयत से यह संगठन सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म का इस्तेमाल कर रहा था।

जानकारी के मुताबिक सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने ‘पंजाब पॉलिटिक्स टीवी’ के ऐप्स, वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक करने का आदेश दिया है। दरअसल इंटेलीजेंस ब्यूरो (आईबी) मंत्रालय का कहना है कि विदेश आधारित ‘पंजाब पॉलिटिक्स टीवी’ के ऐप्स, वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउट्ंस का सिख फॉर जस्टिस के साथ गहरा ताल्लुक है। सरकार को खुफिया इनपुट के आधार पर मालूम पड़ा है कि यह चैनल पंजाब विधान सभा चुनाव के दरम्यान शांति व्यवस्था को बिगाड़ने के लिए आॅनलाइन मीडिया का प्रयोग करने का प्रयास कर रहा था।

इसलिए मंत्रालय ने आईटी नियमों के तहत आपातकाल पावर का इस्तेमाल कर 18 फरवरी को ‘पंजाब पॉलिटिक्स टीवी’ के डिजिटल मीडिया प्लेटफार्म को ब्लॉक करने का फैसला लिया था। मंत्रालय के इस कदम से खालिस्तानी संगठन को बड़ा धक्का लगा है। बता दें कि पंजाब में 20 फरवरी को विधानसभा चुनाव कराए गए थे। चुनाव परिणाम 10 मार्च को आएगा। पंजाब में वर्तमान में कांग्रेस की सरकार है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के अलावा भाजपा, आम आदमी पार्टी, शिरोमणि अकादली दल आदि ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था।