राकेश टिकैत पर फेंकी काली स्याही, भिड़ गए दो पक्ष, जमकर चली कुर्सियां

नई दिल्ली। कर्नाटक में किसान नेता राकेश टिकैत पर काली स्याही फेंक दी गई। इसके बाद जमकर हंगामा मचा। मौके पर 2 गुट आपस में भिड़ गए। टिकैत पर स्याही फेंकने के पीछे किसान नेता चंद्रशेखर के समर्थक का हाथ बताया गया है। टिकैत और चंद्रशेखर समर्थकों में ना सिर्फ गाली-गलौच एवं मारपीट हुई बल्कि कुर्सियां तक चल गई। बड़ी मुश्किल से मामला शांत कराया जा सका। उधर, पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। किसान नेता राकेश टिकैत सोमवार को बेंगलुरु के गांधी भवन में पहुंचे थे। वहां वह पत्रकारों से बातचीत करने लगे।

इस बीच एक शख्स ने नजदीक आकर टिकैत पर काली स्याही फेंक दी। टिकैत के चेहरे और कपड़ों पर स्याही जाकर गिरी। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर हंगामा मच गया। टिकैत के समर्थकों ने आरोपी को दबोच कर मारपीट शुरू कर दी। वहां मौजूद किसान नेता चंद्रशेखर के अन्य समर्थक भी भिड़ गए। इसके चलते खासा हंगामा मचा। दोनों गुट में गाली-गलौच एवं मारपीट होने के साथ-साथ कुर्सियां तक चल गई। उधर, राकेश टिकैत ने स्थानीय पुलिस पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय पुलिस ने उन्हें सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई।

उन्होंने कहा कि यह सब सरकार की मिलीभगत से किया गया है। वहीं, पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। बता दें कि तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ चलाए गए किसान आंदोलन में राकेश टिकैत ने महत्वपूर्ण भूमिका अदा की थी। एक साल से ज्यादा समय तक किसानों ने गाजीपुर बॉर्डर को घेरे रखा था। कुछ दिन पहले भाकियू में भी दो फाड़ हो गए थे। राकेश टिकैत और उनके भाई को संगठन से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था।