जांच की आंच से उड़ी बॉलीवुड हसीनाओं की नींद

सारा, दीपिका, श्रद्धा, नम्रता और दीया मिर्जा तक बेचैन

मुंबई। बॉलीवुड में ड्रग्स स्कैंडल की जांच ने कुछ हसीनाओं की नींद उड़ा दी है। ड्रग्स पेडलर्स जैसे-जैसे राज उगल रहे हैं, वैसे-वैसे इन नामचीन हसीनाओं का दिल बैठ रहा है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) जल्द उन्हें पूछताछ के लिए तलब कर सकता है। अभिनेत्री सारा अली खान, दीपिका पादुकोण, श्रद्धा कपूर और नम्रता शिरोडकर के बाद लिस्ट में दीया मिर्जा का नाम जुड़ गया है।    दीया मिर्जा भी एनसीबी की रडार पर हैं। ड्रग्स कनेक्शन की जांच में जुटी एनसीबी को मंगलवार को एक और अभिनेत्री की करतूतों के बारे में जानकारी मिली। यह अभिनेत्री दीया मिर्जा बताई गई हैं। जिन्हें जल्द एनसीबी के समक्ष हाजिर होना पड़ सकता है। एनसीबी के सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तार ड्रग्स पेडलर्स अनुज केशवानी और अंकुश से पूछताछ के बाद दीया के नाम का खुलासा हुआ है। दीया की मैनेजर ड्रग्स की खेप उन तक पहुंचाती थी। वर्ष-2019 में दीया के लिए खरीदी गई ड्रग्स की पुख्ता जानकारी और सबूत एनसीबी के हाथ लगे हैं। दीया की मैनेजर ने ड्रग्स पेडलर्स से मीटिंग भी की थी। बता दें कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की विगत 14 जून 2020 को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। वह अपने फ्लैट में मृत पाए गए थे। इसके बाद सुशांत के पिता ने अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती पर संगीन आरोप लगाए थे। सुशांत सिंह केस में ड्रग्स एंगल की जांच नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा की जा रही है।
मस्त-मस्त गर्ल का ट्वीट
बॉलीवुड में ड्रग्स एंगल की जांच पर अभिनेत्री रवीना टंडन की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने एनसीबी की कार्रवाई पर खुशी जाहिर की है। अभिनेत्री ने ट्वीट कर लिखा है कि सफाई का समय आ गया है। इस कदम का स्वागत करती हूं। इससे हमारी भावी पीढ़ी की मदद होगी। शुरुआत यहीं से करें, धीरे-धीरे सभी सेक्टर्स की तरफ बढ़ें, इसे जड़ से उखाड़ फेंके। इसका उपयोग करने वाले, डीलर्स, सप्लायर्स सभी दोषियों को सजा दें। उन बड़े लोगों को सबक सिखाएं, जो आंख बंद कर लोगों को बर्बाद कर रहे हैं।