गुरुवार से 56.02 रुपए प्रति किलो हो जाएंगे नए रेट
लखनऊ। पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में वृद्धि का सिलसिला रूक नहीं रहा है। ऊपर से सीएनजी के दाम भी आसमान छूने लगे हैं। इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा के अलावा गाजियाबाद में भी सीएनजी के रेट बढ़ा दिए गए हैं। नए रेट गुरुवार की सुबह से लागू हो जाएंगे। मूल्यवृद्धि के बाद सीएनजी की नई कीमत 56.02 रुपए प्रति किलो हो जाएगी। देश में बढ़ती महंगाई ने आमजन की हालत खराब कर रखी है। पेट्रोल एवं डीजल के दाम निरंतर बढ़ रहे हैं। अब सीएनजी के रेट भी बढ़ा दिए गए हैं।
दरअसल इंटरनेशनल मार्केट में प्राकृतिक गैस के दाम बढ़े हैं। इसका असर घरेलू बाजार पर भी नजर आने लगा है। नतीजन दिल्ली के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के भी कुछ शहरों में सीएनजी के रेट में उछाल आ गया है। यूपी के नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा के अलावा गाजियाबाद और कानपुर में इस मूल्य वृद्धि का असर पड़ेगा। नई दरें 13 अक्टूबर यानी गुरुवार को प्रात: 6 बजे से लागू हो जाएंगी। कुछ शहरों में इंद्रप्रस्थ गैस लि. ने गत 2 अक्टूबर को दाम बढ़ा दिए थे। यह कंपनी सीएनजी और पीएनजी की आपूर्ति करती है।
कंपनी का कहना है कि प्राकृतिक गैस की कीमतें 62 प्रतिशत तक बढ़ने के कारण सीएनजी के दाम में वृद्धि की गई है। इसके चलते नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी की कीमत अब 56.02 रुपए प्रति किलो होगी। बता दें कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर पहले से ही रोक नहीं लग पा रही है। पेट्रोलियम उत्पादों को जीएसटी के दायरे में लाने की मांग निरंतर उठ रही है, मगर केंद्र सरकार इस मुद्दे को राज्य सरकारों के पाले में डालकर कोई कदम उठाने से बच रही है।















