-लश्कर-ए-तैयबा के 3 शातिर सदस्य गिरफ्तार
कश्मीर। जम्मू-कश्मीर में आतंकियों को हथियार उपलब्ध कराने के लिए पाकिस्तान निरंतर साजिश रचता रहा है। बॉर्डर पर सख्ती होने के कारण अब ड्रोन के जरिए जम्मू-कश्मीर के विभिन्न हिस्सों में हथियार गिराए जा रहे हैं। बाद में आतंकी मौके पर जाकर इन हथियारों को उठा लेते हैं। ड्रोन से गिराए गए हथियारों को इस्तेमाल करने के मामले में 3 आतंकियों को दबोचा गया है। जम्मू-कश्मीर में सेना और सुरक्षा बलों की सख्ती के चलते आतंक का नेटवर्क कमजोर पड़ गया है। ऐसे में आतंकियों के पास हथियारों तक का टोटा हो रहा है। आतंकियों को हथियार मुहैया कराने के लिए पाक में बैठे आका नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। इस साजिश का एक बार फिर भंडाफोड़ किया गया है। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जनपद से सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा के 3 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इन आतंकियों के कब्जे से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। बरामद हथियार और गोला बारूद आतंकियों को ड्रोन के जरिए मिले थे। आरोपियों की पहचान राहिल बशीर, आमिर जान और हाफिज यूनिस वानी के रूप में की गई है। तीनों दक्षिण कश्मीर के पुलवामा क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि तीनों आतंकी पाकिस्तान से ड्रोन द्वारा भेजे गए हथियारों को लेने हेतु राजौरी गए थे। पुलिस का कहना है कि तीनों आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के सदस्य हैं। बरामद हथियारों में 2 एके-56 राइफल, 180 राउंड के साथ 6 एके-मैगजीन, 2 चीनी पिस्तौल, 30 राउंड के साथ 3 पिस्टल मैगजीन, 4 ग्रेनेड शामिल हैं। आरोपियों से एक लाख रुपए भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि बरामद हथियार ड्रोन के माध्यम से शुक्रवार की रात को गिराए गए थे। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
















