वैष्णो देवी के दर्शन के लिए तैयार हो जाएं श्रद्धालु, 26 अगस्त से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन

उदय भूमि ब्यूरो
जम्मू। मां वैष्णो देवी के दर्शन करने के इच्छुक श्रद्धालुओं को तैयारी शुरू कर देनी चाहिए। इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और हेलिकॉप्टर सेवा की बुकिंग 26 अगस्त यानि बुधवार से शुरू हो जाएगी। 5 सितम्बर तक यह प्रक्रिया चलेगी। माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने इसकी तैयारी पूरी कर ली हैं। श्राइन बोर्ड के सीईओ रमेश कुमार जांगिड के मुताबिक वैष्णो देवी यात्रा और हेलिकॉप्टर सेवा के इच्छुक यात्री ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और बुकिंग 26 अगस्त से करा सकेंगे। माता वैष्णो देवी मंदिर को 16 अगस्त से दर्शन के लिए खोला गया था। पहले सप्ताह में सिर्फ 2 हजार यात्रियों की परमिशन मिली थी। अब बुधवार से पुन: ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और हेलिकॉप्टर सेवा बुकिंग आरंभ की जाएगी। कोविड-19 कोरोना वायरस के कारण विगत 18 मार्च को वैष्णो देवी का दरबार बंद कर दिया गया था। जम्मू-कश्मीर सरकार ने गत 11 अगस्त को मंदिर खोलने की घोषणा की थी। श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक गाइड लाइन जारी कर रखी है। दस वर्ष से कम आयु के बच्चों को यात्रा करने की अनुमति नहीं है। सभी श्रद्धालुओं को मास्क पहनना जरूरी होगा। रात में यात्रा बंद रहेगी। फिलहाल माता भवन में श्रद्धालुओं के ठहरने पर रोक लगाई गई है। श्रद्धालुओं को प्रतिदिन सुबह आयोजित आरती में सम्मिलित होने की मनाही है। श्राइन बोर्ड का कहना है कि श्रद्धालुओं को कोरोना संक्रमण से बचाने की खातिर हरसंभव बिंदुओं पर विचार किया गया है। कोरोना के चलते लंबे समय तक यात्रा स्थगित रहने से मां वैष्णो देवी के भक्तों को मायूस रहना पड़ा है। मां वैष्णो देवी की यात्रा पर प्रतिवर्ष कई लाख श्रद्धालु आते रहे हैं। कोरोना काल में यात्रा का स्वरूप बदलना पड़ा है।