ड्रग्स स्कैंडल : पूर्व मंत्री के बिगड़ैल बेटे की तलाश

देश से भागने की फिराक में, हवाई अड्डों पर चौकसी

बेंगलुरु। ड्रग्स स्कैंडल में फंसे पूर्व मंत्री जीराज अल्वा के बेटे आदित्य की सरगर्मी से तलाश चल रही है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह भूमिगत हो गया है। सेंट्रल क्राइम ब्रांच द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद से वह सामने नहीं आया है। पुलिस को शक है कि आदित्य देश छोड़कर भागने की फिराक में है। इसके मद्देनजर सभी एयरपोर्ट पर अलर्ट कर दिया गया है। मुंबई के बाद कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री ड्रग स्कैंडल में फंसी हुई है। कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री में ड्रग्स केस की जांच सेंट्रल क्राइम ब्रांच कर रही है। इसी क्रम में जांच एजेंसी ने राज्य के पूर्व मंत्री जीवराज अल्वा के बेटे आदित्य को नोटिस भेजकर तलब किया है, मगर वह जांच एजेंसी के साथ आंख-मिचौली खेल रहा है। गिरफ्तारी से बचने के लिए पूर्व मंत्री का बेटा देश छोड़कर भागने का प्रयास भी कर सकता है। ऐसे में आदित्य अल्वा के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया गया है। सभी एयरपोट्र्स को भी अलर्ट किया गया है। उधर, केस की विवचेना में जुटी आंतरिक सुरक्षा डिवीजन (आईएसडी) ने टीवी और फिल्म कलाकारों के साथ खेल जगत के कुछ नागरिकों को समन भेजा है। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आईएसडी के अधिकारियों के मुताबिक कुल 67 नागरिकों को नोटिस भेजा जा चुका है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने ड्रग केस में बेंगलुरु से 3 आरोपियों को दबोचा था। इसके बाद पुलिस ने ड्रग अब्यूज की जांच शुरू की, जिसमें कुछ बड़े चेहरे शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपीकन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों और गायकों को ड्रग की आपूर्ति करते थे। मालूम हो कि सुशांत सिंह राजपूत केस में ड्रग्स एंगल में मुंबई से कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। फिल्म इडस्ट्री में ड्रग्स के बढ़ते सेवन के खिलाफ संसद में भी आवाज उठ चुकी है।