भारत से पाकिस्तान तक हिली धरती, भूकंप के झटकों से हड़कंप

नई दिल्ली। भारत-पाकिस्तान में शनिवार की सुबह भूंकप के झटके महसूस किए गए। इस्लामाबाद से नई दिल्ली तक धरती कांपने से नागरिकों के होश उड़ गए। एहतियात के तौर पर वह घरों एवं दफ्तरों से बाहर निकाल आए। जम्मू-कश्मीर में भी भूकंप से हड़कंप मचा रहा। वहां पवित्र चरारे शरीफ की मीनार झुकने की खबर मिल रही है। इस संबंध में सोशल मीडिया पर मीनार का वीडियो वायरल हो रहा है। उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा से फोन पर बातचीत की।

कश्मीर में भूकंप से किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.7 मापी गई है। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान-तजाकिस्तान की सीमा पर धरती से करीब 182 किमी नीचे था। भूंकप के झटके सुबह 9 बजकर 45 मिनट पर महसूस किए गए। इसके बाद नागरिकों में एकाएक हड़कंप मच गया। घरों एवं दफ्तरों से नागरिक बाहर निकल आए। इस बीच किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं मिली है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा से बातचीत कर केंद्र-शासित प्रदेश के नागरिकों के कुशलक्षेम की जानकारी ली। उधर, पाकिस्तान के पेशावर में भी झटके महसूस किए गए। इस्लामाबाद, रावलपिंडी और पंजाब के विभिन्न शहरों और खैबर पख्तूनख्वा में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। जनवरी में भी अफगानिस्तान के पश्चिम में बदगीस प्रांत में भूकंप आया था। भूकंप के कारण दो दर्जन से अधिक नागरिकों की जान चली गई थी। वहीं, भारत में गुजरात के कच्छ जिले में शुक्रवार को 3.1 तीव्रता का भूकंप आया था। भूकंप का केंद्र रापड़ गांव था।