फिल्मकार अनुराग कश्यप से पुलिस की पूछताछ

दुष्कर्म केस में इंक्वायरी, गिरफ्तारी भी संभव

मुंबई। फिल्म निर्माता-निर्देशक अनुराग कश्यप की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दुष्कर्म का केस दर्ज होने के बाद वीरवार वह वर्सोवा थाने पहुंचे। जहां पुलिस ने अनुराग से सघन पूछताछ की। उन्होंने खुद को निर्दोष बताया है। हालांकि आरोप सही लगने पर अनुराग की गिरफ्तारी संभव है। उधर, शिकायत कर्ता पायल घोष को मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया है। फिल्म निर्माता-निर्देशक अनुराग कश्यप के विरूद्ध अभिनेत्री पायल घोष ने गंभीर आरोप लगाए थे। पायल की शिकायत पर पुलिस ने अनुराग के खिलाफ बलात्कार, बंधक बनाने एवं छेड़छाड़ की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। इस प्रकरण में पुलिस ने आरोपी डायरेक्टर को तलब किया था। अनुराग कश्यप वीरवार को वर्सोवा थाने पहुंचे। वहां पुलिस ने उनसे लंबी पूछताछ की। सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने अनुराग को बिना अनुमति के मुंबई से बाहर न जाने की हिदायत भी दे रखी है। पुलिस पूछताछ में अनुराग ने कहा कि वह पायल घोष को सिर्फ पेशेवर रूप से जानते हैं। पायल से लंबे समय से कोई बातचीत या मुलाकात नहीं हुई है। वर्सोवा आवास पर पायल से मुलाकात होने और यौन शोषण की बात से भी अनुराग ने साफ इंकार किया। उन्होंने खुद पर लगे सभी आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताया। उन्होंने अपने खिलाफ साजिश की आशंका जाहिर की है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यदि पायल के आरोप सही पाए जाते हैं तो अनुराग कश्यप को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पायल को मेडिकल जांच के लिए कूपर अस्पताल ले जाया गया। बता दें कि अभिनेत्री पायल घोष ने एफआईआर दर्ज कराने के बाद महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की थी। अपनी जान को खतरा बताकर वाई श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराने की अपील की गई थी। सनद रहे कि अनुराग कश्यप पर अभिनेत्री कंगना रनौत भी गंभीर आरोप लगा चुकी हैं।