पश्चिम बंगाल दौरे पर गृहमंत्री अमित शाह

ममता पर निशाना, योजनाएं रोकने का आरोप

कोलकाता। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 2 दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंच गए हैं। इस दरम्यान वह विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। गृहमंत्री ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर केंद्र की योजनाओं में रोड़ा अटकाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ममता दीदी ने केंद्र की 80 से अधिक योजनाएं रोक रखी हैं। गृहमंत्री अमित शाह ने बांकुरा में आयोजित रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज बिरसा मुंडा की प्रतिमा को नमन कर बंगाल दौरे की शुरुआत हुई है। कल रात से इसी प्रकार का उत्साह और साहस दिखाई दे रहा है। ममता बनर्जी के खिलाफ जनाक्रोश दिख रहा है। उन्होंने आरोप मढ़ा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी केंद्र सरकार की योजनाओं में रूकावट पैदा कर रही हैं। इसके चलते नागरिकों तक केंद्र की मदद नहीं पहुंच रही है। किसानों को सहायता नहीं मिल पा रही है। आदिवासियों को सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की दलित-पिछड़ों के हितार्थ संचालित 80 से ज्यादा योजनाएं ममता बनर्जी के कारण रूकी हुई हैं। यदि वह सोचती हैं कि केंद्र की योजनाओं में रूकावट उत्पन्न करेंगी तो यह सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि भविष्य में पश्चिम बंगाल में 2 तिहाई बहुमत से भाजपा की सरकार बनने जा रही है। गृहमंत्री ने नागरिकों से आगामी चुनाव में इस जन-विरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने की अपील की। कार्यक्रम में भाजपा प्रवक्ता कृष्ण गोपाल ने कहा कि अमित शाह फोकस अप्रोच के साथ काम करते हैं। यह समूचे देश में अपने आप में मिसाल है। उन्होंने पहले यूपी मिशन चलाया था। अब मिशन बंगाल आरंभ किया है। पश्चिम बंगाल को सांप्रदायिक राजनीति से मुक्त कराना भाजपा का लक्ष्य है। इसके लिए भाजपा ने 2021-2024 मिशन बंगाल तय किया है। पार्टी को इस मिशन में कामयाबी जरूर मिलेगी।