18 से रामपुर और 23 से लखनऊ में होंगे अगले हुनर हाट
नई दिल्ली। नई दिल्ली में मौलाना आजाद एजुकेशन फाउंडेशन की गवर्निंग एवं जनरल बॉडी मीटिंग की सम्पन्न हुई। गुरूवार को नई दिल्ली में आयोजित बैठक की अध्यक्षता फांउडेशन के अध्यक्ष व केन्द्रीय अल्पसंख्यक कार्य मन्त्री मुख्तार अब्बास नकवी ने की। बैठक में अल्पसंख्यक बच्चियो के लिये छात्रवृत्ति, गरीब नवाज कौशल विकास योजना व आने वाले दिनों में देश के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किये जाने वाले हुनरहाट पर चर्चा हुई। रामपुर के नुमाइश मैदान में 18 से 27 दिसंबर तक और लखनऊ के शिल्प ग्राम में 23 से 31 जनवरी तक हुनर हाट आयोजित होगा। 
मौलाना आजाद एजुकेशन फाउंडेशन की बैठक के बाद नकवी ने बताया, रामपुर में हुनर हाट का उद्घाटन केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और खादी और ग्रामोद्योग आयोग के चेयरमैन विनय कुमार सक्सेना करेंगे। लखनऊ में आयोजित होने वाले हुनर हाट का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। मंत्री ने कहा कि रामपुर एवं लखनऊ में आयोजित हो रहे हुनर हाट ई प्लेटफार्म पर भी देश-विदेश के लोगों के लिए उपलब्ध रहेगा जहां लोग सीधे दस्तकारों, शिल्पकारों, कारीगरों के स्वदेशी सामानों को देख एवं खरीद सकेंगे।
उनके अनुसार, इन हुनर हाट में उत्तर प्रदेश, असम, केरल, महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल, मणिपुर, तेलंगाना, कर्नाटक, ओडिशा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब सहित 27 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के दस्तकार, शिल्पकार अपने शानदार स्वदेशी उत्पादन की प्रदर्शनी एवं बिक्री करेंगे। नकवी ने कहा कि रामपुर और लखनऊ में आयोजित होने वाले हुनर हाट में कोविड दिशानिर्देशों का पूरी तरह से पालन करते हुए सैनिटाइजेशन, मास्क, साफ-सफाई आदि की पुख्ता व्यवस्था रहेगी। श्री नकवी ने बताया कि हुनरहाट के जरिये जहां देश की शानदार स्वदेशी विरासत का प्रोत्साहन, प्रोग्रेस हो रहा है। वही पिछले 6 वर्षों में 5 लाख से ज्यादा हुनर के उस्तादों को रोजगार व रोजगार के अवसर मुहैया कराये गए हैं। बैठक मे आसाम, कश्मीर, उत्तर प्रदेश व दिल्ली से नामित हुए चार नये सदस्यों का परिचय के साथ बैठक मे रहना हुआ। आसाम की जाफरीन महजबीन को गवर्निंग बाड़ी का सदस्य चुना गया। श्री नकवी ने व अन्य सभी ने नये सदस्यों को बधाई दी। बैठक मे सचिव पीके ठाकुर, मधुकर नायक, अशफाक सैफी, शाकिर अंसारी, सरदार एस पी सिंह, तारिक मंज़ूर वीसी, डॉ एस नकवी, अशरफ अली शेख, मुन्नवरी बेगम, सलीम खान, अली रजा, जाफरीन महजबीन व डॉ अली मोहम्मद मीर सहित प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
















